विधायक खेल महाकुंभ का समापन

सोनभद्र। 25 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुए विधायक खेल महाकुंभ का समापन शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान “सोन की माटी, सोन का दम, आओ मिलकर खेले हम” का नारा खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच प्रेरणा का केंद्र बना रहा। खेल महाकुंभ में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिनमें प्रतिभागियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। वरिष्ठ नागरिकों की रस्साकशी प्रतियोगिता में ब्लॉक चतरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल कूद एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि “खेलोगे-कूदोगे तो रोजगार मिलेगा, खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी ब्लॉकों में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की 25 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों का निर्माण किया जा चुका है, इससे ग्रामीण अंचल की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा की धनराशि से खेल के मैदान विकसित किए जाये, इस पहल से ग्रामीण प्रतिभाओं को अभ्यास के लिए अपने गांव में ही उचित स्थान मिल सकेगा। विधायक खेल महाकुंभ ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का संचार किया है, यह आयोजन प्रदेश को खेल और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है।
इस अवसर पर विधायक सदर भूपेश चौबे ने कहा कि विधायक खेल महाकुम्भ प्रतियोगिमा का शुभारंभ 25 दिसम्बर,2025 को प्रारंभ हुआ था, जिसका आज भव्य तरीके से समापन किया जा रहा है, इसमें लगभग 14 हजार 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है, इस प्रतियोगिता का आयोजन राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवां विकास खण्डों में किया गया, इसमें खो-खो, कबड्डी, बाली-वाल, क्रिकेट, दौड़, गुल्ली-डण्डा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अमृत खेल रस्सा-कसी, टेनिस बाल, चेस, कैरम आदि प्रयोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को आज सम्मानित किया जा रहा है, इस खेल महाकुम्भ के माध्यम से खेल की युवा प्रतिभाओं को निखरने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष राबर्ट्सगंज रूबी प्रसाद, पूर्व एम0एल0सी0 केदारनाथ, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश मिश्रा, अजीत चौबे, दयाशंकर पाण्डेय, मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी सहित सम्मानित जनप्रतिनिधि गण एवं अधिकारी गण उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
