सोनभद्र। घोरावल के कम्पोजिट विद्यालय विसुन्धरी में ऑपरेशन सिंदूर का गौरव प्रतिष्ठित करने हेतु बालिकाओं ने मां भारती का रूप धारण कर तिरंगा लहराते हुए भारत की एकता और अखण्डता का संदेश दिया। कार्यक्रम समन्वयक दीनबन्धु त्रिपाठी ने बताया अभी हाल ही में घटित पहलगाम की बर्बर घटना के प्रति बच्चों के अन्दर बहुत जिज्ञासा थी, जिसे ऑपरेशन सिन्दूर के जरिये दमन कर महिलाओं के सिंदूर की लालिमा अक्षुण्य है का सन्देश दिया गया था। इसे समझने हेतु विद्यालय में बच्चों के बीच भारत माता बनने की प्रतियोगिता आयोजित की गयी। जिसमें पांच बच्चियों ने भारत माता का प्रतिरूप धारण किया। सभी बच्चों और शिक्षकों के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था, एक अद्भुत छटा बिखर रही थी। लग रहा था जैसे मां भारती हरीतिमा के बीच आसमान से अवतरित हुईं हों। तिरंगा यात्रा भी निकाली गयी। इस दौरान गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। प्र.अ. रजनीश श्रीवास्तव ने तिरंगा पर ब्याख्यान देकर कार्यक्रम की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कंचन, प्रतिमा, सुनीता, मुन्नी देवी व अजीत कुमार उपस्थित रहे।
मां भारती ने ओढा तिरंगा, बच्चों और शिक्षकों ने निकाली तिरंगा यात्रा
