· वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम (ज्योतिर्लिंग) को शामिल करते हुए 10 दिनों की यात्रा योजना।

· भारत गौरव डीलक्स पर्यटक रेलगाड़ी 09 मार्च, 2026 को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
· प्रमुख विरासत स्थलों, मंदिरों और समुद्र तटों के साथ गंगासागर में पवित्र स्नान इस यात्रा के विशेष आकर्षण हैं।
· यह रेलगाड़ी वातानुकूलित प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी की तीन श्रेणियों में 150 पर्यटकों को समायोजित कर सकती है तथा इसमें 02 रेस्टोरेंट कार भी हैं, जो इस ट्रेन की एक विशेष सुविधा है।
नई दिल्ली। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी), जो भारत सरकार के रेल मंत्रालय के तहत एक नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है, ने भारत गौरव डीलक्स पर्यटक रेलगाड़ी के माध्यम से “दिव्य पूर्व मंदिर यात्रा” नामक एक नया पर्यटन परिपथ शुरू किया है। यह 10 दिनों की रेल आधारित यात्रा श्रद्धालुओं और यात्रियों को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के कई प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से समृद्ध विरासत स्थलों के दर्शन का एक अनोखा अवसर देती है।

यात्रा की शुरुआत दिल्ली सफदरजंग से होगी और इसमें वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बैद्यनाथ धाम की यात्रा कराई जाएगी, जिसके बाद रेलगाड़ी दिल्ली वापस लौटेगी। इस यात्रा के दौरान वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर (ज्योतिर्लिंग) के दर्शन और गंगा आरती कराई जाएगी। इसके बाद भारत की सांस्कृतिक राजधानी कोलकाता का भ्रमण होगा, जिसमें विक्टोरिया मेमोरियल, शहर के अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थल तथा कालीघाट (शक्ति पीठ) और दक्षिणेश्वर काली मंदिर जैसे प्रसिद्ध मंदिर शामिल हैं। गंगासागर के पवित्र तटों की एक दिवसीय यात्रा, जिसमें सागर संगम में पवित्र स्नान और कपिल मुनि मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे, इस यात्रा का मुख्य आकर्षण है। इसके बाद यात्रा पुरी जाएगी, जहाँ भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। साथ ही ओडिशा परिपथ के अंतर्गत भुवनेश्वर, धौली शांति स्तूप, उदयगिरि और खंडगिरि की गुफाएँ, कोणार्क सूर्य मंदिर और अन्य प्रमुख स्थल दिखाए जाएंगे। यात्रा का अंतिम आध्यात्मिक पड़ाव बैद्यनाथ धाम (देवघर) होगा, जो भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इसके पश्चात 18 मार्च 2026 को रेलगाड़ी दिल्ली सफदरजंग वापस पहुँचेगी और इस यादगार तथा आध्यात्मिक रूप से समृद्ध यात्रा का समापन होगा।

आईआरसीटीसी द्वारा प्रस्तुत यह सर्वसमावेशी यात्रा धार्मिक और अवकाश पर्यटन का एक बेहतरीन मेल है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को सहज, सुरक्षित और समृद्ध यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
भारत गौरव डीलक्स पर्यटक रेलगाड़ी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें वातानुकूलित तृतीय, द्वितीय एवं प्रथम श्रेणी के सुव्यवस्थित केबिन, रेलगाड़ी के भीतर स्वच्छ शाकाहारी भोजन परोसने वाले भोजनयान, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधा के लिए समर्पित टूर प्रबंधक उपलब्ध हैं।
आईआरसीटीसी ने इस विशेष रेल यात्रा की शुरुआत 1 एसी श्रेणी के लिए ₹1,06,940/- प्रति व्यक्ति, 2 एसी के लिए ₹98,925/- तथा 3 एसी श्रेणी के लिए ₹79,285/- की कीमत पर की है। इस पैकेज मूल्य में वातानुकूलित श्रेणियों में रेल यात्रा, वातानुकूलित होटलों में ठहरने की व्यवस्था, सभी भोजन (केवल शाकाहारी), वातानुकूलित वाहनों द्वारा सभी स्थानांतरण एवं दर्शनीय स्थल भ्रमण, यात्रा बीमा तथा आईआरसीटीसी टूर प्रबंधकों की सेवाएँ आदि शामिल हैं। दिव्य पूर्व मंदिर यात्रा के लिए बुकिंग आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल तथा देशभर में स्थित अधिकृत आईआरसीटीसी पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से की जा सकती है। अधिक जानकारी, यात्रा कार्यक्रम और बुकिंग से संबंधित विवरण के लिए यात्री www.irctctourism.com/bharatgaurav पर जा सकते हैं या मोबाइल नंबर 8287930299 (प्रफुल्ला), 8287930484 (सुभाश्री), 8287930032 (अभिषेक), 8595931047 (मोनिका) तथा 8882826357 (प्रणीत) पर संपर्क कर सकते हैं।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
