महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ एनटीपीसी सिंगरौली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन

सोनभद्र।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर परिसर स्थित मनोरंजन केंद्र, शक्तिनगर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में  संदीप नायक, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी सिंगरौली) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रज्ञा नायक, अध्यक्षा (वनिता समाज) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

NTPC

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, उनके योगदान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि  संदीप नायक ने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है और समाज के विकास में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया।

विशिष्ट अतिथि प्रज्ञा नायक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विशेष रूप से गृहिणियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने दैनिक दायित्वों के बीच स्वयं के लिए भी कुछ समय अवश्य निकालें, ताकि वे अपने व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जागरूकता गतिविधियां एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम मे एनटीपीसी सिंगरौली के  सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट),  सिद्धार्थ मण्डल, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, वनिता समाज की सम्माननीय सदस्याएं तथा एनटीपीसी कर्मचारियों के परिवार जन भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संदीप नायक ने एनटीपीसी सिंगररौली की महिला कर्मचारियों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने महिला कर्मचारियों से कार्यस्थल पर उनके अनुभवों, चुनौतियों एवं सुझावों के बारे में विस्तार से चर्चा की। नायक ने महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण भागीदार बताया तथा उनके समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

इस अवसर पर एनटीपीसी की प्रथम महिला परियोजना प्रमुख रहीं सरोज चेल्लुरी ने महिला कर्मचारियों के साथ एक ऑनलाइन संवाद सत्र के माध्यम से अपने विचार साझा किए। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि “कैरियर में आने वाला अंतराल किसी भी महिला के लिए बाधा नहीं होता, बल्कि यह अपने आप को नए उत्साह के साथ पुनः तैयार करने का अवसर हो सकता है। महत्वपूर्ण यह है कि हम सीखना कभी न छोड़ें और निरंतर स्वयं को विकसित करते रहें।”  इसके उपरांत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक रोचक क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली प्रेरणादायक महिला हस्तियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस गतिविधि ने प्रतिभागियों को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव प्रदान किया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *