सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में महिलाओं को न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देकर डराने और उनसे धन उगाही करने वाले अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र की टीम ने कानपुर नगर से इस संगठित गिरोह के चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त खुद को CBI अधिकारी बताकर फोन करते थे और गाली-गलौज, जान से मारने तथा न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे ऐंठते थे। महिलाओं से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार यह मामला थाना चोपन क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक महिला की शिकायत पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर खुद को CBI अधिकारी बताया गया और मोबाइल हैक करने, न्यूड फोटो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जांच शुरू की गई।जांच में सामने आया कि अभियुक्त आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड लेते थे और उन्हीं सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर ठगी में करते थे। व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से AI तकनीक का उपयोग कर फर्जी न्यूड फोटो तैयार की जाती थीं और पीड़ितों को ब्लैकमेल किया जाता था। पुलिस टीम ने कानपुर नगर में दबिश देकर गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान अब तक 100 से अधिक सिम कार्ड के इस्तेमाल से देशभर में साइबर ठगी किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। इस गिरोह से जुड़े मामलों में सोनभद्र की कई पीड़िताओं की जानकारी भी सामने आई है।अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि महिलाओं से जुड़े साइबर अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों व पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
