डब्ल्यूसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण किया

नागपुर। कोयला खनन में विशेष योग्यता के लिए जाने, जाने वाले हरीश दुहन ने आज 1फरवरी 2026 को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का पदभार संभाला। वे वर्तमान में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक है तथा उन्हें डब्ल्यूसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह अतिरिक्त प्रभार 1 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर प्रारंभिक अवधि तीन माह के लिए अथवा आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

हरीश दुहन आज वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के नागपुर स्थित मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय में डब्ल्यूसीएल के निदेशक मंडल, सीवीओ तथा मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकों एवं विभागाध्यक्षों ने श्री दुहन का स्वागत किया। इसके उपरान्त उन्होंने मुख्यालय में कोयला उत्पादन, उत्पादकता एवं संबंधित विषयों पर समीक्षा बैठक ली। बैठक में निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन) आनंदजी प्रसाद, निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. हेमंत शरद पांडे, निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) संदीप परांजपे, सीवीओ अजय मधुकर म्हेत्रे, मुख्यालय के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष गण उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के उपरान्त श्री दुहन ने उमरेड तथा नागपुर क्षेत्र की खदानों का निरीक्षण किया एवं भविष्य की योजनाओं के विषय में क्षेत्रीय प्रबंधन से चर्चा की।
हरीश दुहन को कोयला खनन क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का व्यापक एवं बहुआयामी अनुभव प्राप्त है। उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक उपाधि प्राप्त की है। वर्ष 1989 में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) से अपने करियर की शुरुआत करने वाले श्री दुहन के पास फर्स्ट क्लास माइन मैनेजर सर्टिफिकेट तथा प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा की उपाधि भी है।
अपने करियर के दौरान दुहन, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में निदेशक (तकनीकी-संचालन) के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की निगाही परियोजना में एरिया जनरल मैनेजर तथा कॉर्पोरेट प्रोजेक्ट प्लानिंग विभाग के महाप्रबंधक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। दुहन को पर्यावरण-हितैषी फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाओं, डिजिटलीकरण, तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास एवं कार्यान्वयन का विशेष अनुभव प्राप्त है, जो उन्हें कोयला क्षेत्र में आधुनिक, सतत एवं भविष्य-उन्मुख नेतृत्व प्रदान करने वाला व्यक्तित्व बनाता है। उनके इस दीर्घ अनुभव का डब्ल्यूसीएल को निश्चित ही लाभ मिलेगा। दुहन के सीएमडी का कार्यभार ग्रहण करने से डब्ल्यूसीएल में हर्ष व्याप्त है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
