पूज्य राजा राम बाबूजी की स्मृति में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन

सोनभद्र ।  पूज्य राजा राम बाबूजी की पुण्य स्मृति में संचालित हेल्पडेस्क इंडिया फाउंडेशन एवं वरदान एजुकेशनल एकेडमी के संयुक्त सहयोग से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नववर्ष के पावन अवसर पर दिनांक 1 जनवरी 2026, दिन गुरुवार को वार्षिक उत्सव का भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया।

NTPC

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सद्भाव, भाईचारा, मानवीय करुणा एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना रहा। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

संस्था विगत 10 वर्षों से निरंतर गरीब, शोषित एवं वंचित वर्गों के उत्थान हेतु पूर्ण समर्पण भाव से कार्य कर रही है। इसके अंतर्गत निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से जरूरतमंदों की न्याय की लड़ाई लड़ी जाती है, पाँच निर्धन कन्याओं का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया जाता है तथा संस्था से जुड़े सदस्यों का उपचार जनपद लखनऊ के सरकारी चिकित्सालयों में कराकर उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। ये सभी सेवाएँ संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना का सशक्त परिचायक हैं।

संस्था द्वारा वर्ष भर समाज में व्याप्त कुरीतियों, अज्ञानता एवं सामाजिक बुराइयों के प्रति जन-जागरूकता लाने हेतु शैक्षणिक, सामाजिक एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है। इस पुनीत कार्य में देश के विख्यात चिकित्सा एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं सहयोग संस्था को निरंतर प्राप्त होता रहता है, जिससे सेवा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता निरंतर सुदृढ़ हो रही है।

हेल्पडेस्क इंडिया फाउंडेशन द्वारा नैतिक शिक्षा, भजन, स्वच्छता, वाणी-व्यवहार, आचार-विचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित सेमिनार आयोजित किए जाते हैं। साथ ही युवाओं के चारित्रिक, बौद्धिक एवं व्यावहारिक विकास को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क शिक्षक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन शिविरों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे युवा सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर गरीबों एवं जरूरतमंदों के बीच भंडारों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कंबल वितरण का पुण्य कार्य आदरणीय पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, उन्नाव  रामकुमार यादव जी द्वारा संपन्न कराया गया। समस्त क्षेत्रवासियों को केला, लड्डू एवं फल वितरित किए गए। संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा आगंतुकों का गुलाब का फूल देकर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में अपनत्व, सौहार्द एवं मानवीय संवेदनाओं का वातावरण बना रहा। वर्ष 2026 में अपरिहार्य कारणों से चिकित्सा शिविर, फूलों की होली एवं दीप यज्ञ जैसे कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सके, किंतु इसके बावजूद संस्था द्वारा समागम एवं “वर्तमान समय में संविधान की प्रासंगिकता” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में संपूर्ण भारतवर्ष से पधारे विद्वानों, शिक्षाविदों एवं विचारकों ने सहभाग कर संविधान के महत्व, सामाजिक न्याय एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

संस्था के संयोजक डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव, एडवोकेट ने अपने उद्बोधन में बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय एवं वंचित वर्गों के लिए शिक्षा, चिकित्सा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, तथा इस दिशा में संस्था आजीवन प्रतिबद्ध रहकर कार्य करती रहेगी। इसी क्रम में संस्था द्वारा जनपद सीतापुर में निःशुल्क “यदुकुल आश्रम” का शुभारंभ किया जा रहा है, जहाँ सभी जाति एवं वर्ग के लोगों के लिए निःशुल्क आवासीय सुविधा के साथ-साथ शिक्षा, चिकित्सा एवं भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। भविष्य में संस्था द्वारा उत्कृष्ट कोटि के विद्यालय की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है, जहाँ ड्रेस, जूता, मोजा, टाई, बेल्ट जैसी औपचारिकताओं से परे रहकर केवल गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में संस्था के राष्ट्रीय संयोजक द्वारा संस्था को निरंतर सहयोग प्रदान करने वाले सभी महानुभावों जिनमें प्रमुख रूप से जे.के. सिन्हा, डॉ. विजय कुमार कर्ण, जयवीर सिंह, एडवोकेट विमलेश यादव (फैजाबाद), एस.पी. शाक्य साहब, कर्नल राजेंद्र यादव, गोविंद यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  रामकुमार यादव, पूर्व जिला जज बृजमोहन गुप्ता, एस.के. गुप्ता, अश्विनी कुमार यादव, अरविंद कुमार महिद, एडवोकेट राहुल सरोज, एडवोकेट मनोज यादव, आगरा विश्वविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुखबीर राय, डॉ. एन.एल. जिज्ञासु, साबिर अली, वैद्य अजय वर्मा जी, मानवतावादी समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमान आर.एस. मानव जी, राजकमल, कमलेंद्र प्रताप सिंह, शाहबुद्दीन मोहम्मद अकील अंसारी, शोएब भाई (रहीमाबाद), शकील (संडीला), अजय मुंशी जी, अनुपम मिश्रा, श्रीमान जे.डी. आज़ाद, कृष्ण कुमार यादव (लखीमपुर), जुगुल किशोर एडवोकेट (सीतापुर), राधेश्याम जी, रामलखन सहित सभी पदाधिकारी, अतिथि, कार्यकर्ता, चिकित्सक, प्रेस एवं मीडिया के साथी, लखनऊ पुलिस तथा संस्था से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े समस्त सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

अंत में संपूर्ण भारतवर्ष के नागरिकों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव की कामना की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *