सामुदायिक भवन, कोयला नगर में वंचित परिवारों के दस जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। पूरे वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ विवाह समारोह।

धनबाद। एक विशेष सामाजिक पहल के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आज सामुदायिक भवन, कोयला नगर में एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की सम्मानित सदस्यों, बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों-कर्मियों, वैवाहिक जोड़ों में बंधने वाले वर-वधुओं के परिजनों की उपस्थिति में पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के वंचित परिवारों से जुड़े 10 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और अपने नवजीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष, श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती संचिता रॉय, श्रीमती नीता कुमार सहित दीक्षा महिला मंडल की सभी सम्मानित सदस्यगण, विभिन्न क्षेत्रीय महिला समितियों की सदस्याएं उपस्थित रहीं। अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी) संचालन, संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, अन्य अधिकारी एवं कर्मी तथा बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजन उपस्थित रहे।

वैदिक विधि-विधान के साथ आयोजित इस विवाह समारोह में सर्वप्रथम दुर्गा-मंदिर कोयला नगर से वर पक्ष बारात लेकर सामुदायिक भवन पहुँचा, जहाँ समधी-मिलन कार्यक्रम हुआ और वधू पक्ष के सदस्यों ने पूरे गर्मजोशी के साथ बारातियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विवाह मंडप पर सीएमडी, मनोज अग्रवाल तथा श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने सभी जोड़ों को चुन्नी और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया, जिसके पश्चात सभी जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई की धुन और मंगलगीतों के बीच इसके उपरांत कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान के साथ विवाह की अन्य सभी रस्में पूरी की। जिसके बाद उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने सुमंगली अभिषेक में नव-विवाहित सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सफल-सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
अपने संबोधन में दीक्षा महिला मंडल अध्यक्ष, श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि महिला मंडल द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह संगठन की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिला मंडल निरंतर समाज के वंचित वर्ग के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए विभिन्न पहल करता रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम दस जोड़ों के नवजीवन की शुरुआत के साथ दस परिवारों के जीवन में खुशियों के नए आयाम लेकर आया है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को अपनी शुभकामनाएँ दीं और उनके सफल व सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
सीएमडी, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल द्वारा आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक सरोकारों के प्रति संगठन की संवेदनशीलता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के वंचित वर्गों को सम्मानजनक सहयोग प्रदान करते हुए सामुदायिक सहयोग और सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए दीक्षा महिला मंडल के सभी सदस्यों को बधाई दी तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के लिए महिला मंडल को प्रेरित किया।विवाह के उपरांत दीक्षा महिला मंडल द्वारा सभी नव-विवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की आवश्यक वस्तुएं जैसे पलंग, बर्तन, कपड़े, सुहाग-श्रृंगार का सामान, राशन इत्यादि वितरित किए गए। समस्त वैवाहिक कार्यक्रम मुन्ना पांडे (नगर पुरोहित, कोयला नगर) एवं उनके सहयोगी पुरोहितों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
