सोनभद्र। शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट करारी के तत्वावधान में सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अमर शहीद सुखदेव, राजगुरू और भगत सिंह को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा झंडारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर उन्हें नमन किया गया।कार्यक्रम में संरक्षक रामनाथ शिवेन्द्र, समाजसेवी कमलेश खांबे, राष्ट्रपति व राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी, सोनभद्र बार अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोगों ने दीप जलाकर आयोजन का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, लेखनी और पुस्तक देकर सम्मान किया गया।काव्य और विचारों के माध्यम से पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बना रहा। वरिष्ठ कवि शिवदास ने वंदना प्रस्तुत कर शुरुआत की, वहीं ओज कवि संदीप कुमार बालाजी की नाट्य कृति “अमरो बीरा” का विमोचन किया गया, जो भगत सिंह को समर्पित रही। वक्ताओं ने शहीदों के योगदान और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।दूसरे सत्र में आयोजित कवि सम्मेलन ने कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, सारिका श्रीवास्तव, डॉ. सीमा सिंह सहित कई कवियों ने अपनी रचनाओं से देशभक्ति, श्रृंगार और समसामयिक विषयों को प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। गीतकारों और कवियों की ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से माहौल देर तक गूंजता रहा।लोकगीत और वीर रस की रचनाओं ने लोगों की आंखें नम कर दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के बुद्धिजीवी, समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अंत में संयोजक अशोक तिवारी एडवोकेट ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
