दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने सोमवार को अपने पुत्र प्रतीक कुमार के दूसरे जन्मदिन को अनोखे और प्रेरणादायी तरीके से मनाया। उन्होंने दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लड बैंक में पहुंचकर रक्तदान किया और समाज को मानवता का संदेश दिया।

सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र के पहले जन्मदिन पर भी रक्तदान किया था और उसी समय यह संकल्प लिया था कि वह अपने पुत्र के हर जन्मदिन पर रक्तदान करेंगे। उनका मानना है कि रक्तदान ऐसा महान दान है जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को समाज सेवा से जोड़ना चाहिए, ताकि दूसरों को भी प्रेरणा मिल सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लड बैंक प्रभारी कुमार वरुणानिधि समेत चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी सुरेंद्र कुमार की इस पहल की सराहना की और कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग इस तरह आगे आएं तो रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को समय पर मदद मिल सकती है। सुरेंद्र कुमार की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी रक्तदान जैसे पुण्य कार्य में आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
