सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के उर्मौरा स्थित डायट परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का कार्यक्रम उस समय खास चर्चा में आ गया, जब सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने मंच संभालते ही पूरे माहौल को बदल दिया। एक ओर जहां उन्होंने पारंपरिक लोकगीत गाकर कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी, वहीं दूसरी ओर मंच से ही सत्ता पक्ष के नेताओं की गैरमौजूदगी पर तीखा तंज कस दिया।समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। आयोजन के दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने अपने अंदाज में विवाह गीत गाए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए और माहौल पूरी तरह से जीवंत हो उठा।हालांकि कार्यक्रम में एक बड़ा सवाल भी खड़ा हुआ। मंच पर लगे बैनर में समाज कल्याण राज्य मंत्री, स्थानीय विधायक और जिलाधिकारी के नाम मुख्य अतिथि के रूप में दर्ज थे, लेकिन कार्यक्रम के दौरान इनमें से कोई भी मौजूद नहीं रहा। जनप्रतिनिधियों की यह गैरहाजिरी पूरे आयोजन में चर्चा का विषय बनी रही।मीडिया से बातचीत में सांसद छोटेलाल खरवार ने इस मुद्दे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों का दूर रहना गंभीर बात है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता के बीच दिखने वाले नेता ऐसे मौकों पर गायब रहते हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बैठकों में भी कई बार जनप्रतिनिधि अनुपस्थित रहते हैं।एक ओर जहां लोकगीतों की गूंज ने सामूहिक विवाह को यादगार बना दिया, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी और उस पर हुई सियासी बयानबाजी ने पूरे कार्यक्रम को राजनीतिक रंग दे दिया। अब इस मुद्दे पर आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर नजर बनी हुई है।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
