सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र के विद्युत इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय अल्पकालिक प्रशिक्षण कोर्स स्मार्ट शहरों में सतत ऊर्जा प्रबंधन का समापन शुक्रवार को उत्साह और शैक्षणिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। समापन सत्र का मुख्य आकर्षण स्मार्ट शहरों में शून्य उत्सर्जन पड़ोस विषय पर हुई विशेष प्रस्तुति रही, जिसने प्रतिभागियों को आधुनिक वैश्विक ऊर्जा प्रबंधन की दिशा से अवगत कराया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नॉर्वे के ओस्टफोल्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर नंद किशोर ने यूरोप में विकसित शून्य उत्सर्जन पड़ोस मॉडल पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि भविष्य के स्मार्ट शहरों के विकास में पूरी तरह उत्सर्जन-मुक्त ऊर्जा ढाँचा सबसे निर्णायक भूमिका निभाएगा। बदलती ऊर्जा नीतियों के इस दौर में शून्य उत्सर्जन तकनीकें पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास की अनिवार्य आवश्यकता बन रही हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप सिंह ने की। उन्होंने पाँच दिनों तक चले तकनीकी व्याख्यानों, संवाद सत्रों और विशेषज्ञों की सहभागिता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण छात्रों और शोधार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ है।

कोर्स के संयोजक डॉ. राज कुमार पटेल ने पूरे प्रशिक्षण क्रम का विवरण प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन शून्य-उत्सर्जन पड़ोस विषय पर हुई प्रस्तुति ने प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं की गहराई से समझ प्रदान की।प्रतिभागियों ने भी बताया कि यह कोर्स उनके लिए अत्यंत उपयोगी रहा। इससे उन्हें स्मार्ट शहरों की ऊर्जा व्यवस्था, नवीकरणीय ऊर्जा तकनीकों तथा शून्य उत्सर्जन आधारित समाधानों की स्पष्ट और गहरी जानकारी मिली।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
