राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत बीसीसीएल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गृहिणियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन

धनबाद। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितम्बर तक राजभाषा पखवाड़ा-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 18 सितम्बर को कोयला भवन, मुख्यालय में कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गृहिणियों के लिए ‘ऑपरेशन–सिंदूर’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीसीसीएल चिकित्सा सेवाओं की प्रमुख डॉ. पूनम दुबे ने की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीएमएस, डॉ. पूनम दुबे ने कहा कि हिंदी हमारे विचारों और भावनाओं को सबसे सहज रूप से व्यक्त करने वाली भाषा है। यह न केवल हमारी पहचान का प्रतीक है, बल्कि हमें अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़े रखने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि गृहिणियों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता से इस विचार को बल मिलेगा कि हिंदी केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि घर-परिवार और सामाजिक जीवन में भी इसकी भूमिका उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ प्रतिभागियों में न केवल सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और लगाव को और गहरा करती हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत हिंदी साहित्य की प्रख्यात लेखिका महादेवी वर्मा की तस्वीर पर माल्यार्पण और उनकी जीवनी के वाचन के साथ की गयी। तत्पश्चात, प्रतियोगिता को विधिवत आरंभ किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की गृहिणियों ने सक्रियता और उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 14 से 28 सितम्बर तक आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत अब तक विविध स्पर्धाएँ जैसे हिंदी अनुवाद एवं शब्दावली, पत्र एवं निबंध लेखन, सामान्य ज्ञान एवं प्रश्नोत्तरी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गृहिणियों के लिए निबंध लेखन का आयोजन किया गया है। आगामी दिनों में स्वरचित कविता पाठ, कबीर के दोहों का सस्वर पाठ और साहित्यिक संगोष्ठी जैसी समृद्ध सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर बच्चों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा, जिससे विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और आत्मीयता को प्रोत्साहन मिल सके। पखवाड़े का समापन 27 सितम्बर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के साथ हिंदी विषय में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अवसर पर प्रबंधक (राजभाषा) उदयवीर सिंह, वरीय निजी सहायक (राजभाषा), महेंद्र कुमार सिंह, अनुवादक (राजभाषा) अनिरुद्ध नोनिया, श्रीमती वंदना देवी सहित राजभाषा विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *