कोन/सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला जासो देवी की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब जासो देवी अपने पति जगन राम के साथ झोपड़ी में अंगीठी ताप रही थीं। आग सुलगाने के लिए जैसे ही अंगीठी में पुआल डाला गया, अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग महिला स्थिति को समझ पातीं, उससे पहले ही पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ गई। आग में फंसने से जासो देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आग बुझने के बाद महिला के शरीर की केवल हड्डियां ही शेष बचीं, जबकि झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और जलस्रोतों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद महिला के पति जगन राम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि वे भी झुलस गए। तब तक आग में फंसी बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजनारायण उर्फ राजू भारती ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि बुजुर्ग दंपति के तीन बेटे हैं। दो बेटे इंद्रदेव और ब्रह्मदेव खेती-बाड़ी संभालते हैं, जबकि छोटा बेटा छोटेलाल पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत है।परिजनों ने बताया कि जासो देवी निर्माणाधीन मकान के बगल बनी झोपड़ी में ही रहती थीं। कोन थाना प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण अलाव से निकली चिंगारी माना जा रहा है। अंगीठी में पुआल डालते समय आग भड़क गई, जिससे बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौत हो गई और झोपड़ी भी जल गई।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
