सोनभद्र/दुद्धी: उत्तर प्रदेश की अंतिम विधानसभा सीट 403 दुद्धी से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आदिवासी राजनीति के कद्दावर प्रतिनिधि विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस एसजीपीजीआई में इलाज के दौरान निधन हो गया। लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे विजय सिंह गोंड की उम्र 71 वर्ष थी और उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की पुष्टि विधानसभा अध्यक्ष और पार्टी नेताओं ने की है। विजय सिंह गोंड उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक जाना-माना नाम रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1980 में की थी, जब उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर पहली बार दुद्धी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इसके बाद 1985 में फिर से कांग्रेस के साथ, 1989 में निर्दल, 1991 और 1993 में जनता दल और उसके बाद 1996 तथा 2002 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की और लगातार सात बार विधायक रहे। उनकी राजनीति में यह सफर केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं रहा उन्होंने मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली यूपी सरकार में राज्य मंत्री का पद भी संभाला और अपने क्षेत्र के विकास, आदिवासी समाज के अधिकारों तथा बुनियादी समस्याओं को सदन में मुखरता से उठाया। राजनीतिक यात्रा में विजय सिंह गोंड ने दुद्धी और आसपास के क्षेत्रों में सदैव जल जंगल जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को प्रमुखता दी और आदिवासी समाज के हितों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनकी पहचान एक सशक्त, संघर्षशील और जनता के बीच लोकप्रिय नेता के रूप में रही है। राजनीतिक इतिहास में यह भी देखा गया कि उन्होंने वर्ष 2017 और 2022 के चुनावों में हार का सामना किया, लेकिन अपने मजबूत जनाधार और मेहनत के चलते 2024 के उपचुनाव में फिर से दुद्धी से विधायक पद प्राप्त किया। उनके निधन की खबर मिलते ही सोनभद्र, दुद्धी और आसपास के आदिवासी समाज में शोक की लहर दौड़ गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उन्हें आदिवासी समाज की मजबूत आवाज़, जनसेवा के लिए समर्पित नेता और संघर्षशील राजनेता के रूप में याद किया है। उनके कार्यों ने क्षेत्र की राजनीति को एक लंबा असर दिया और उन्होंने अनेक पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
