व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

सोनभद्र। जिलाधिकारी ने सलखन फॉसिल पार्क का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क के पास पार्किंग स्थल, प्राकृतिक म्यूजियम, रिसेप्शन सेंटर, कैंटीन सहित मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि रिसेप्शन सेंटर पर आने वाले आगंतुकों का नाम अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचने हेतु अलग मार्ग के निर्माण के निर्देश भी दिए, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉसिल पार्क की ओर जाने वाले मार्ग के पास स्थित तालाब के सुंदरीकरण एवं व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आगंतुकों को आकर्षक एवं मनोहारी दृश्य उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सलखन फॉसिल पार्क में स्थित जीवाश्मों को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक आते हैं, ऐसे में यहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि पार्क के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें, जिससे इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को और अधिक विकसित किया जा सके। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, डीसी मनरेगा, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
