जनपद में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

सोनभद्र। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने जनपद में विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के निराकरण तथा आगामी दिनों में प्रस्तावित विद्युत समिति के कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने पर बल दिया। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के जिन भी प्राथमिक विद्यालयों एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अभी तक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, उनकी समस्त सूची शीघ्र तैयार कर विद्युत विभाग को उपलब्ध कराई जाए। 

NTPC

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सूची के आधार पर ऐसे सभी विद्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर विद्युतीकरण का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि हर घर नल योजना के अंतर्गत जिन स्थानों से पेयजल की आपूर्ति की जाती है, वहां निर्धारित समयावधि में विद्युत आपूर्ति अवश्य उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो, इसके लिए जल निगम एवं विद्युत विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे स्थानों की पहचान की जाए जहां विद्युत तार ढीले पड़े हैं या खंभों की कमी है। ऐसे स्थानों पर विद्युत तारों को कसवाने तथा आवश्यकतानुसार खंभे लगाने की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लटके हुए विद्युत तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नियमित रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत बिल एवं अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागति अवस्थी, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकूल आनन्द पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *