सरोवरों पर उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब
सोनभद्र। आस्था का महापर्व डाला छठ आज शनिवार से नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गया। चार दिवसीय सूर्य उपासना के इस महापर्व की शुरुआत शनिवार से हुई। आस्था, शुद्धता और संकल्प का यह पर्व हर ओर श्रद्धा बिखेरता है। शनिवार को व्रती महिलाएं सम्पूर्ण पवित्रता के साथ नहाय-खाय के साथ शुरुआत की। आज लौकी, चावल, चने की दाल, सेंधा नमक,घी और रोटी के साथ सात्विक भोजन ग्रहण कर अगले दिन खरना की तैयारी करेंगी। रविवार को खरना के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होगा। तीसरे दिन सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी वहीं चैथे दिन मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महाव्रत का समापन होगा।
इस दौरान दो दिन के लिए घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा हर ओर ‘छठी मइया’ के गीतों की गूंज सुनाई देगी आस्था के इस महापर्व को लेकर व्रती परिवारों में उत्साह का माहौल है। घरों में विधिवत साफ सफाई के बाद छठ पूजा के लिए ठेकुआ, खाजा, मीठी पूरी, पकौड़ी आदि प्रसाद बनाए जा रहे हैं। सायंकाल व्रती महिलाएं बिना लहसुन प्याज का सात्विक भोजन करेंगी और जमीन पर शयन करेंगी। माना जाता है कि पवित्र भोजन से शरीर को निर्जला उपवास के लिए आवश्यक ऊर्जा प्राप्त होती है। पर्व के लिए नदियों और सरोवरों पर व्रती परिवार अपना अपना स्थान चिन्हित करने में लगे हैं। आयोजकों द्वारा घाटों की साफ सफाई टेंट सजावट भजन गीत संगीत सहित झालरों से रोशनी का कार्य तेजी से चल रहा है। पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में लगा हुआ है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
