दुद्धी (सोनभद्र)। जनपद के कई थाना क्षेत्रों से होकर झारखंड बॉर्डर की ओर दुधारू पशुओं को ले जाने की चर्चा इन दिनों जोरों पर है। स्थानीय स्तर पर यह मामला सुबह से रात तक चर्चा का विषय बना हुआ है।बताया जा रहा है कि दुद्धी कोतवाली क्षेत्र पार करने के बाद विंढमगंज होते हुए, जो उत्तर प्रदेश का अंतिम छोर है और झारखंड सीमा से सटा है, वहां से प्रतिदिन दुधारू पशुओं को वाहनों में लादकर झारखंड की ओर भेजा जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि रोजाना कई पशु इस रास्ते से गुजरते हैं। वाहन आधा दर्जन थाना क्षेत्रों से होकर निकलते हैं, लेकिन प्रभावी रोकथाम नहीं हो पा रही है।

प्रदेश में गोवध निवारण कानून लागू होने के बावजूद पशु परिवहन पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं होने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि फर्जी कागजात के सहारे वाहन आगे बढ़ा दिए जाते हैं। यह भी चर्चा है कि नगर ऊटरी से पहले बिलासपुर क्षेत्र में पशुओं को उतार दिया जाता है और वाहन वापस इलाहाबाद की दिशा में लौट जाते हैं।क्षेत्र में संचालित कुछ पशु आश्रमों और पशुपालकों की भूमिका को लेकर भी कानाफूसी हो रही है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और पशु प्रेमियों द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद कुछ मामलों में कार्रवाई हुई है, लेकिन लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध पशु परिवहन की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है और निगरानी बढ़ाई जा रही है। पशु प्रेमी राकेश श्रीवास्तव, आलोक, सोनू, जितेंद्र, सत्येंद्र, राजू, मनोज और रंजीत समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और दुधारू पशुओं की अवैध आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
