सुरक्षा, पर्यावरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों की सराहना

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के आकलन दल द्वारा दो दिवसीय व्यापक एवं गहन निरीक्षण किया गया। आकलन दल में श्री राजशेखर गोव्दरु, लीड असेसर, डॉ. कमला मिश्रा, को-असेसर एवं सुश्री निर्मला नायक, को-असेसर शामिल थे। इस आकलन का उद्देश्य परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन दक्षता, पर्यावरणीय प्रबंधन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित प्रक्रियाओं का समग्र मूल्यांकन करना था। निरीक्षण के दौरान आकलन दल ने परियोजना की विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों एवं सुविधाओं का दौरा किया, जिनमें यूनिट–1 कंट्रोल रूम, अस्पताल, एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट), एलडब्ल्यूटीपी (लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट), सेफ्टी पार्क, सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) तथा हाइड्रोजन प्लांट शामिल हैं। दल ने परियोजना प्रबंधन द्वारा अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों एवं पर्यावरणीय प्रबंधन प्रणालियों का विस्तृत अवलोकन किया तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

इस अवसर पर संदीप नायक, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी सिंगरौली ने आकलन दल का स्वागत करते हुए कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि सीआईआई द्वारा किया जा रहा यह आकलन परियोजना की कार्यप्रणालियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति के लिए प्रेरणा प्रदान करेगा। उन्होंने परियोजना की विभिन्न टीमों के समर्पण एवं सहयोग की भी सराहना की। परियोजना के परिचालन एवं अनुरक्षण गतिविधियों के प्रभावी एवं उत्कृष्ट संचालन में श्री सी. एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं परियोजना विस्तार से संबंधित गतिविधियों के समन्वय में रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना) का विशेष योगदान रहा।
आकलन दल ने सामुदायिक विकास (सीएसआर) गतिविधियों के अंतर्गत क्षेत्र में संचालित विभिन्न पहलों का भी अवलोकन किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय, रन्होर की कक्षा आठ की 21 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे उनकी शिक्षा में सुविधा एवं प्रोत्साहन प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त, विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बालिका सशक्तीकरण अभियान की छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया तथा अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) का अवलोकन कर विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आकलन दल ने वनिता समाज द्वारा संचालित कल्याणकारी गतिविधियों की भी सराहना की। विशेष रूप से वनिता रसोई की पहल तथा जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन वितरण जैसे कार्यक्रमों को समाज के सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया। इस अवसर पर आकलन दल ने वनिता समाज की अध्यक्षा श्रीमती प्रज्ञा नायक के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में वनिता समाज सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के इस आकलन के माध्यम से परियोजना की सुरक्षा, परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व तथा सामाजिक योगदान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का समग्र मूल्यांकन किया गया। इस प्रक्रिया से एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सतत विकास, उत्कृष्ट परिचालन प्रणाली और समाज के प्रति उत्तरदायित्व के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ता तथा मान्यता प्राप्त होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिलेगा। इस महत्वपूर्ण आकलन का संयोजन श्री के. एस. वेंकटारामन, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) एवं सुश्री लिंडा स्कारिआह, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) द्वारा किया गया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
