3 दिवसीय कोन्फ्रेंस में कोल इंडिया की सभी सहायक कंपनियों एवं देश के जाने-माने अस्पतालों के 250 से अधिक चिकित्सक होंगे शामिल

विलासपुर। एसईसीएल द्वारा 28 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय सीमेकॉन (CIMECON) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन में कोल इंडिया तथा उसकी सभी सहायक कंपनियों एवं देश के जाने-माने अस्पतालों से 250 से अधिक चिकित्सक भाग लेंगे। बिलासपुर में आयोजित इस सम्मेलन की मेजबानी एसईसीएल द्वारा की जा रही है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम हेल्दी माइन्स हेल्दी नेशन रखी गई है, जिसका उद्देश्य खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों के लिए सुदृढ़ स्वास्थ्य तंत्र, व्यावसायिक स्वास्थ्य सुरक्षा तथा निवारक चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत बनाना है। सम्मेलन में देश के प्रख्यात विशेषज्ञ चिकित्सक एवं विषय-विशेषज्ञ विभिन्न समसामयिक विषयों पर व्याख्यान देंगे। इनमें व्यावसायिक रोग, औद्योगिक स्वास्थ्य, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, जीवनशैली संबंधी बीमारियां, मानसिक स्वास्थ्य तथा खनन क्षेत्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय शामिल रहेंगे।
सीमेकॉन (CIMECON) 2026 का एक प्रमुख आकर्षण विभिन्न सहायक कंपनियों के चिकित्सकों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले शोध-पत्र होंगे। इन शोध-पत्रों के माध्यम से खनन क्षेत्रों में किए जा रहे नवाचार, फील्ड स्टडी एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रक्रियाओं को साझा किया जाएगा। यह सम्मेलन कोल इंडिया के चिकित्सा नेटवर्क के बीच ज्ञान-विनिमय, समन्वय और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में सामूहिक प्रयास को सुदृढ़ करेगा। SECL द्वारा आयोजित यह आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है और खनन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
