धनबाद। सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल ने आज नेहरू कॉम्प्लेक्स, कोयला नगर में कंपनी द्वारा नव-निर्मित बैडमिंटन कोर्ट परिसर का विधिवत उद्घाटन किया। इस आधुनिक परिसर में बीसीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए लकड़ी की सतह (वुडेन सरफेस) वाले दो बैडमिंटन प्ले कोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती नीता कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महिला समितियों की सम्मानित सदस्याएं तथा मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीसीसीएल वेलफेयर बोर्ड के सदस्य श्री के.के. सिंह एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सीएमडी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का मोमेंटो भेंट कर स्वागत-अभिनंदन किया गया। उद्घाटन के उपरांत सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों के साथ प्रतीकात्मक उद्घाटन मैच खेलकर प्लेइंग एरिया का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री अग्रवाल ने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि कर्मचारियों के बीच सामंजस्य, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अपने अधिकारियों एवं कर्मियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्ध है तथा कार्यस्थल के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परिसर सभी कार्मिकों को नियमित खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करेगा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक (अधिकारी स्थापना) श्रीमती गार्गी मुखोपाध्याय ने किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
