सिन्दुरिया में सोननिषाद नाविक मत्स्य जीवी सहकारी समिति के सभापति व उपसभापति निर्विरोध चुने गए

चोपन, सोनभद्र । जनपद के चोपन क्षेत्र अंतर्गत सिन्दुरिया स्थित सोननिषाद नाविक मत्स्य जीवी सहकारी समिति लिमिटेड में प्रबन्ध कमेटी के चुनाव कार्यक्रम के तहत सभापति और उपसभापति का निर्वाचन शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। उ०प्र० राज्य सहकारी समिति निर्वाचन आयोग लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में यह निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई गई। निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत समिति के रिक्त पदों तथा प्रबन्ध कमेटी के सदस्यों के निर्वाचन के साथ-साथ सभापति, उपसभापति और अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई थी। इस दौरान नियुक्त निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार कुशवाहा तथा समिति के सचिव पंकज कुमार चौधरी के नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

NTPC

निर्वाचन के दौरान समिति के सदस्यों की सर्वसम्मति से दीपू पुत्र मगरूलाल को निर्विरोध सभापति तथा श्रीमती गीता देवी पत्नी विनोद कुमार को उपसभापति चुना गया। दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद समिति के सदस्यों एवं क्षेत्र के मछुआ समुदाय में खुशी का माहौल देखने को मिला।

नवनिर्वाचित सभापति दीपू ने इस अवसर पर कहा कि समिति के माध्यम से मछुआ समुदाय के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी योजनाओं और सहकारी समितियों से मिलने वाले लाभों को अधिक से अधिक पात्र सदस्यों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मछुआ समुदाय की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

उपसभापति श्रीमती गीता देवी ने भी समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति के माध्यम से क्षेत्र के मछुआ परिवारों को रोजगार और जीवन यापन में सहायता मिलती है। आने वाले समय में समिति को और मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। समिति के सभापति और उपसभापति के निर्विरोध चुने जाने पर क्षेत्र के लोगों और समिति के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में समिति और अधिक सक्रिय होकर मछुआ समुदाय के हित में कार्य करेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *