Category: DHANBAD

  • बीसीसीएल द्वारा हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स का प्रभावशाली प्रदर्शन 

    बीसीसीएल द्वारा हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स का प्रभावशाली प्रदर्शन 

    धनबाद। आईआईटी-आईएसएम, धनबाद में आज इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट इंटरेक्शन (III-2026) कॉनक्लेव और एग्ज़िबिशन का शुभारंभ किया गया, जिसमें बीसीसीएल द्वारा अपने खदानों में प्रयुक्त हाईवॉल और लॉन्गवॉल माइनिंग के वर्किंग मॉडल्स सहित अन्य तकनीकी नवाचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन का मुख्य विषय ‘स्मार्ट माइनिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी: आत्मनिर्भर भारत की आवश्यकता’ रहा। यह कार्यक्रम संस्थान के वार्षिक आयोजन ‘बसंतोत्सव (विज्ञान और संस्कृति को समर्पित)’ के अंतर्गत आज आरंभ हुआ।

    कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड के माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्कृति के समन्वय को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे मंच उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

    इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय सहभागिता की। अवसर पर प्रो. सुकुमार मिश्रा, निदेशक (आईआईटी-आईएसएम),  ए.के. मिश्रा, निदेशक (सिम्फर) सहित अन्य  वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, उद्योग प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

    सम्मेलन एवं प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न उद्योगों, अनुसंधान संस्थानों और शैक्षणिक संगठनों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स में अत्याधुनिक तकनीकों, नवाचारों और शोध कार्यों का प्रदर्शन किया गया। बीसीसीएल द्वारा लगाए गए स्टॉल ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया, जहां कंपनी ने हाईवाल माइनिंग सिस्टम एवं मोनोरेल माइनिंग सिस्टम के कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही बीसीसीएल द्वारा खनन क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, नवाचारों, सतत खनन पद्धतियों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।

    सीएमडी,  अग्रवाल ने प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण किया और बीसीसीएल टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मंच न केवल तकनीकी क्षमताओं के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं और शोधकर्ताओं को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों और संभावनाओं से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा कोकिंग कोल को क्रिटिकल और स्ट्रैटेजिक मिनरल के रूप में अधिसूचित किए जाने के बाद बीसीसीएल की जिम्मेदारियां और भी बढ़ गई हैं। देश की इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में बीसीसीएल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बीसीसीएल भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट माइनिंग, अत्याधुनिक तकनीकों, स्वचालन और पर्यावरण-अनुकूल खनन पद्धतियों को प्राथमिकता दे रहा है। हमारा लक्ष्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि सुरक्षित, सतत और जिम्मेदार खनन के माध्यम से राष्ट्र की ऊर्जा एवं औद्योगिक जरूरतों को पूरा करना है। यह आयोजन स्मार्ट माइनिंग, क्रिटिकल मिनरल्स और ग्रीन एनर्जी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्र, परिचर्चाएं और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को और अधिक सशक्त बनाना है।

  • बीसीसीएल सीएसआर पहल के अंतर्गत सीटीटीसी कोलकाता में कौशल विकास कार्यक्रम के दीक्षांत समारोह का आयोजन

    बीसीसीएल सीएसआर पहल के अंतर्गत सीटीटीसी कोलकाता में कौशल विकास कार्यक्रम के दीक्षांत समारोह का आयोजन

    धनबाद। बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत सेंट्रल टूलरूम एंड ट्रेनिंग सेंटर (सीटीटीसी), कोलकाता में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर आज दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम में धनबाद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों जैसे कतरास, बाघमारा, झरिया आदि से आए कुल 250 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया, जिन्होंने विभिन्न यांत्रिक एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी ट्रेड्स में सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है। बीसीसीएल द्वारा सीटीटीसी कोलकाता के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने तथा उन्हें रोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 250 प्रतिभागियों  में से अब तक 214 छात्रों को प्रतिष्ठित संगठनों से रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। शेष प्रतिभागियों के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है और उन्हें भी शीघ्र रोजगार उपलब्ध कराए जाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

    दीक्षांत समारोह के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों को आत्मविश्वास के साथ स्वीकार करने, निरंतर सीखते रहने और अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने पर बल दिया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में नई तकनीकों को सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने की आवश्यकता है, जिससे युवा बेहतर रोजगार प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। बीसीसीएल का यह प्रयास केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए सक्षम, आत्मनिर्भर और कुशल युवा तैयार करना है।

    कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और बीसीसीएल द्वारा प्रदान किए गए इस अवसर के लिए आभार व्यक्त किया। छात्रों  ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

    इस अवसर पर सीटीटीसी के महाप्रबंधक (प्रशिक्षण) अपने समर्पित टीम सदस्यों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार किए जाने की जानकारी दी। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण में कुशल मानव संसाधन की भूमिका को रेखांकित करते हुए किया गया। कार्यक्रम की सफलता में बीसीसीएल सीएसआर टीम की वरीय प्रबंधक सुश्री नीलांजना चक्रवर्ती सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।  

  • बागडिगी कोलियरी दुर्घटना की 25वीं बरसी पर सीएमडी बीसीसीएल ने शहीद खनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की

    बागडिगी कोलियरी दुर्घटना की 25वीं बरसी पर सीएमडी बीसीसीएल ने शहीद खनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की

    लोदना क्षेत्र की खदानों, रेलवे साइडिंग्स और पाथरडीह न्यू वॉशरी का सीएमडी ने किया व्यापक निरीक्षण

    धनबाद। सीएमडी बीसीसीएल, मनोज कुमार अग्रवाल ने आज बागडिगी कोलियरी, लोदना में हुए भीषण जलभराव हादसे में शहीद 29 खनिकों को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्घटना की 25वीं बरसी पर आज उन्होंने बागडिगी  स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ अधिकारियों, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों और दिवंगत खनिकों के परिजनों की उपस्थिति में स्मारक पर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। सभी ने मौन रखते हुए शहीद खनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस को याद किया। विदित हो कि 2 फ़रवरी 2001 को बागडिगी कोलियरी में एक बांध टूटने से खदान में पानी भर गया, जिसमें 29 कोयला मजदूरों की मौत हो गई थी।

    इसके उपरांत, सीएमडी ने लोदना क्षेत्र की विभिन्न खदानों, रेलवे साइडिंग्स तथा पाथरडीह न्यू वॉशरी का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीएचआर, मुरली कृष्ण रमैया, डीटी (ऑपरेशन्स)  संजय कुमार सिंह, ओएसडी (फाइनेंस) राजेश कुमार, जीएम (एक्सकेवेशन), जीएम (ईएनएम), एचओडी (पी&पी), जीएम (सिक्योरिटी), जीएम (क्वालिटी कंट्रोल) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें। अवसर क्षेत्रीय जीएम (लोदना) तथा अन्य क्षेत्रीय अधिकारी और संबंधित ठेकेदार भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान  अग्रवाल ने खदानों में चल रहे उत्खनन कार्य, कोयले के एक्सपोज़र स्तर, स्टॉक व साइडिंग्स पर कोयले की गुणवत्ता तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने पाथरडीह वॉशरी में निर्माणाधीन बीओबीआर का निरीक्षण किया, स्टॉक की स्थिति व वॉशरी की कार्यक्षमता की समीक्षा की तथा जीएम (वॉशरी) और वाशरी टीम के साथ संवाद किया। उन्होंने वॉशरी फीड बढ़ाने और क्लीन कोल यील्ड में सुधार करने के निर्देश दिए।

    दौरे के अंत में सीएमडी ने लोदना प्रबंधन क्षेत्र के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि FY 2025–26 के उत्पादन लक्ष्यों की सफल प्राप्ति के लिए बेहतर टीमवर्क, गुणवत्ता नियंत्रण और सुरक्षा मानकों के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता अनिवार्य है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश प्रदान किए और अपेक्षित परिणामों की प्राप्ति हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

  • 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीसीसीएल द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन, सीएमडी ने फहराया तिरंगा

    77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीसीसीएल द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन, सीएमडी ने फहराया तिरंगा

    कोयला भवन एवं जियलगोरा स्टेडियम, लोदना में आयोजित हुए कार्यक्रम। बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी हुए शामिल।

    धनबाद। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज बीसीसीएल द्वारा भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, जियलगोरा, लोदना में संपन्न हुआ, जहाँ सीएमडी,  मनोज कुमार अग्रवाल ने राष्ट्रध्वज फहराया तथा तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने सीआईएसएफ सुरक्षा बल के सदस्यों, बीसीसीएल सुरक्षा कर्मियों एवं स्कूली बच्चों की इकाई द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया तथा उनके उत्कृष्ट मार्च-पास्ट की सलामी ली।

    इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया, सीवीओ, अमन राज, ओएसडी/वित्त,  राजेश कुमार, डीआईजी (सीआईएसएफ)  जितेन्द्र तिवारी, बीसीसीएल वेलफेयर, सेफ्टी एवं सीसीसी बोर्ड के सभी सदस्य, महिला मंडल की सम्मानित सदस्याएँ, सीएमओएआई सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, विभिन्न श्रमिक संगठनों के सदस्य, कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अन्य गणमान्य अतिथि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागी, सीआईएसएफ सुरक्षा बल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में दर्शक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

    अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा इस पावन दिवस को संविधान के आदर्शों एवं उच्चतम मूल्यों को आत्मसात करने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने संगठन की हालिया उपलब्धियों, उत्पादन क्षमता आदि का उल्लेख करते हुए कंपनी की भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल कर्मियों ने अपने अथक परिश्रम से पिछले कुछ वर्षों में जो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं, वह सराहनीय हैं, तथा सभी को इसकी निरंतरता बनाए रखने हेतु सदैव प्रयासरत रहना चाहिए।

    कार्यक्रम के दौरान डीपीएस धनबाद, डीएवी कोयला नगर, डीएवी बनियाहीर एवं आईएसएल सुदामडीह के छात्रों  ने राष्ट्र की सुरक्षा, सांस्कृतिक विविधता और एकता को दर्शाते हुए नृत्य, संगीत, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘काला सोना या काली साजिश’ तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाटक ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से प्रतिभागी विद्यालयों के छोटे बच्चों ने अपनी रंग-बिरंगी वेशभूषा के माध्यम से भारत के विभिन्न राज्यों की विविधता एवं एकता का सुंदर प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    सीआईएसएफ सुरक्षा बल के सदस्यों द्वारा ‘रूम इंटरवेंशन एक्ट’ का प्रदर्शन किया गया, जिसमें सीआईएसएफ के कमांडो आतंकवादी हमले को निष्क्रिय करते हुए बंधकों को साहसिक ढंग से मुक्त कराते हुए दिखाई दिए। इसके पश्चात सुरक्षा बल के सदस्यों ने नागपुरी लोकनृत्य की भी शानदार प्रस्तुति दी। ‘आंबेडकर स्कूल ऑफ मार्शल आर्ट्स’, जगजीवन नगर के बच्चों ने मार्शल आर्ट्स के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर दर्शकों को अचंभित कर दिया।

    कार्यक्रम के समापन सत्र में दीक्षा महिला मंडल द्वारा सभी प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती नीता कुमार तथा सीआईएसएफ महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मणि तिवारी ने प्रतिभागियों के बीच पुरस्कारों का वितरण किया। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक (लोदना क्षेत्र) ए.के. सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन प्रबंधक (राजभाषा) उदयवीर सिंह, इंस्पेक्टर (सीआईएसएफ) श्रीमती पूजा तथा  सब-इंस्पेक्टर (सीआईएसएफ) सुबोध कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

    इससे पूर्व दिन के कार्यक्रम की शुरुआत कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण समारोह से हुई, जहाँ सीएमडी, श्री मनोज अग्रवाल ने बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, वरिष्ठ अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों, सीआईएसएफ पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर संवैधानिक मूल्यों, एकता एवं बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

  • सीएमडी बीसीसीएल ने नेताजी की जयंती पर कोयला नगर में उनकी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

    सीएमडी बीसीसीएल ने नेताजी की जयंती पर कोयला नगर में उनकी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

    धनबाद। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 129वीं जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर आज सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सुभाष चन्द्र बोस चौक और कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में स्थित उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी)  संजय कुमार सिंह, सीवीओ  अमन राज, ओएसडी (वित्त)  राजेश कुमार सहित कोयल भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मी तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।

    अपने संबोधन में सीएमडी  मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती हमें राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण कराता है। अमर शहीद नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। पराक्रम दिवस हमें यह संकल्प दोहराने का अवसर प्रदान करता है कि हम सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहकर देश के विकास और प्रगति में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने नेताजी के आदर्शों को अपनाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

  • मुनिडीह कोल वाशरी बीसीसीएल की एनालिटिकल प्रयोगशाला को एनएबीएल सर्टिफिकेशन

    मुनिडीह कोल वाशरी बीसीसीएल की एनालिटिकल प्रयोगशाला को एनएबीएल सर्टिफिकेशन

    धनबाद। अपने संस्थागत ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं गुणवत्ता आधारित कार्य प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में बीसीसीएल को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। वाशरी डिवीज़न के अंतर्गत कंपनी की मुनिडीह कोल वाशरी की एनालिटिकल प्रयोगशाला को परीक्षण (टेस्टिंग) के क्षेत्र में आईएसओ/आईसी 17025:2017 मानक के अनुरूप नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज(एनएबीएल) द्वारा मान्यता प्रदान की गई है।

    एनएबीएल द्वारा कोल वाशरी को यह मान्यता निर्धारित विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया के अंतर्गत प्रदान किया गया है, जिसके तहत प्रयोगशाला का आकलन आईएसओ/आईसी 17025:2017 (जनरल रिक्वायरमेंट्स फॉर द कॉम्पिटेन्स ऑफ टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेट्रीज़) मानक के अनुरूप किया गया। यह मानक परीक्षण एवं कैलिब्रेशन प्रयोगशालाओं की तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त रूपरेखा प्रदान करता है। इस प्रमाणन से यह सुनिश्चित होता है कि प्रयोगशाला में किए जाने वाले परीक्षण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार सटीक, विश्वसनीय और स्वीकार्य हैं।

    इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीएमडी, मनोज अग्रवाल ने कहा कि एनएबीएल से प्राप्त यह मान्यता बीसीसीएल की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और तकनीकी दक्षता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रयोगशाला संचालन से न केवल परीक्षण प्रक्रियाओं की सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बल्कि इससे कंपनी की कार्यकुशलता और प्रतिष्ठा को भी नई मजबूती मिलेगी। श्री अग्रवाल ने इस उपलब्धि के लिए मुनिडीह कोल वाशरी की टीम को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी बीसीसीएल इसी प्रकार उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा। यह उपलब्धि बीसीसीएल द्वारा गुणवत्ता आधारित कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा तकनीकी सुदृढ़ीकरण की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रतिफल है, जो आने वाले समय में कंपनी के समग्र प्रदर्शन और विश्वसनीयता को और अधिक सशक्त बनाएगा।

  • बीसीसीएल द्वारा कुसुंडा में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

    बीसीसीएल द्वारा कुसुंडा में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

    धनबाद। बीसीसीएल द्वारा आज एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल ग्राउंड, कुसुंडा में किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराना था। स्वास्थ्य शिविर में सेंट्रल हॉस्पिटल बीसीसीएल, कुसुंडा क्षेत्रीय अस्पताल तथा कोयला नगर हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम द्वारा स्थानीय निवासियों की निशुल्क चिकित्सीय जांच की गई। इस दौरान लगभग 300 लाभार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ रक्त जांच, थायरॉयड प्रोफाइल, HbA1c, लिपिड प्रोफाइल, रक्तचाप, शुगर आदि की जांच की गई तथा आवश्यकता अनुसार चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) बीसीसीएल,  मुरली कृष्ण रमैया ने की। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया और अपने संबोधन में कहा कि बीसीसीएल केवल औद्योगिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर अपने परिचालन क्षेत्रों में निवासरत समुदाय के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है और इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीएल समय-समय पर इस प्रकार के निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता रहा है, ताकि आमजन को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श का लाभ मिल सके। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस शिविर से स्थानीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा तथा भविष्य में भी बीसीसीएल द्वारा ऐसी जनकल्याणकारी पहलें जारी रहेंगी।

    इस अवसर पर बीसीसीएल की मुख्य चिकित्सा सेवाएँ, डॉ. पूनम दुबे, महाप्रबंधक (कुसुंडा क्षेत्र) निखिल त्रिवेदी, अवर महाप्रबंधक,  ए.के. झा, महाप्रबंधक (उत्खनन)-सह-सीएमओएआई प्रतिनिधि  ए.के. सिंह, एपीएम, श्रीमती योगिता सकलानी सहित सेंट्रल हॉस्पिटल, क्षेत्रीय अस्पताल कुसुंडा एवं कोयला नगर हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक – डॉ. विकसित जयपुरियार, डॉ. कुमार सौरभ, डॉ. श्वेता रश्मि, डॉ. शाश्वती पंडित, डॉ. रोहिणी कुमारी, डॉ. यू. मल्लेश, डॉ. साक्षी, डॉ. संतोष कुमार अन्य पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग कर्मी, डीएवी कुसुंडा के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ की गयी। डीएवी स्कूल के छात्रों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। यह स्वास्थ्य शिविर बीसीसीएल की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति उसके निरंतर प्रयासों का प्रतीक है, जिससे कंपनी और स्थानीय समुदाय के बीच सहयोग, विश्वास और सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।

  • मुंबई स्टॉक एक्सचेंज पर बीसीसीएल के शेयरों की हुई लिस्टिंग

    मुंबई स्टॉक एक्सचेंज पर बीसीसीएल के शेयरों की हुई लिस्टिंग

    146.87 गुना सब्सक्रिप्शन वाले कंपनी के शेयर 96.5% के शानदार प्रीमियम के साथ हुए सूचीबद्ध

    धनबाद। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के शेयर आज मुंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध हुए। 146.87 गुना सब्सक्रिप्शन वाले इस इशू की लिस्टिंग 96.5% के शानदार प्रीमियम के साथ हुई। आईपीओ पिछले हफ्ते सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था, जिसके बाद आज इसकी लिस्टिंग हुई। इशू प्राइस में बीसीसीएल शेयर प्राइस 23 रुपये रखा गया था, जिसके मुकाबले इसकी लिस्टिंग 45.21 रुपये के भाव पर हुई। पहले यह लिस्टिंग 16 जनवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन मुंबई में नगर निगम चुनाव (बीएमसी) चुनाव में बैंक और शेयर बाजार बंद रहने के कारण कंपनी ने लिस्टिंग को आज तक के लिए टाल दिया था, जिसके बाद आज इसके शेयर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध हुए।

    मुंबई में आयोजित लिस्टिंग समारोह में सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन)  संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना)  निलाद्री रॉय, ओएसडी/वित्त,  राजेश कुमार, कंपनी सेक्रेटरी,  बी.के परुई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

    सीएमडी,  मनोज अग्रवाल ने इस अवसर पर निवेशकों के विश्वास और भरोसे के प्रति अपना आभार व्यक्त किया और कंपनी के लिए इसे एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने सभी निवेशकों को बधाई दी तथा कंपनी के निरंतर प्रगति तथा उन्नति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    उल्लेखनीय है कि ओपनिंग के पश्चात बीसीसीएल के आइपीओ को निवेशकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। 1,071 करोड़ रुपये के इस मेनबोर्ड आइपीओ को कुल 146.87 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जो निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है। रिटेल, क्यूआइबी और नॉन-इंस्टीट्यूशनल सभी श्रेणियों में इस इश्यू को जोरदार रिस्पॉन्स मिला। बीसीसीएल देश की अग्रणी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी है, जो उच्च गुणवत्ता वाले कोकिंग कोल के उत्खनन और आपूर्ति में अग्रणी स्थान रखती है। कंपनी को वर्ष 2014 में ‘मिनीरत्न’ का दर्जा प्राप्त हुआ था। कंपनी मुख्य रूप से स्टील उद्योग सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को कोकिंग कोल की आपूर्ति करती है, तथा इसके पास झरिया, रानीगंज और धनबाद क्षेत्रों में समृद्ध कोकिंग कोल भंडार उपलब्ध हैं, जो देश की इस्पात उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ आधार प्रदान करते हैं।

  • सिजुआ स्टेडियम में बीसीसीएल अंतर क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ

    सिजुआ स्टेडियम में बीसीसीएल अंतर क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ

    धनबाद। बीसीसीएल अंतर क्षेत्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आज सिजुआ स्टेडियम, सिजुआ में शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के प्रथम दिन दो मैच खेले गए, जिनमें पश्चिमी झरिया तथा मुख्यालय की टीम विजयी हुई। पहला मुकाबला पूर्वी झरिया और पश्चिमी झरिया क्षेत्र के बीच खेला गया, जिसमें पश्चिमी झरिया क्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3–0 से जीत दर्ज की। मैच में पश्चिमी झरिया क्षेत्र के खिलाड़ी महेश्वर बास्की को उनके उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

    दूसरा मैच मुख्यालय एवं कुसुंडा के बीच हुआ, जिसमें मुख्यालय की टीम ने 2–0 से जीत हासिल की। मुकाबले में मुख्यालय के खिलाड़ी विशाल कुमार महतो को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच अवार्ड दिया  गया।

    विदित हो कि कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए आयोजित इस टूर्नामेंट में मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों की टीमें भाग ले रही है, जिसमें आज खेले गए मैच में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

    टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर अधिकारीगण, कर्मचारी, खेल प्रेमी एवं दर्शक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न क्षेत्रों की टीमों के बीच और भी रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।

  • कल्याण भवन, एचआरडी बीसीसीएल में नए प्रशिक्षण परिसर ‘विश्वेश्वरैया हॉल’ का सीएमडी ने किया उद्घाटन

    कल्याण भवन, एचआरडी बीसीसीएल में नए प्रशिक्षण परिसर ‘विश्वेश्वरैया हॉल’ का सीएमडी ने किया उद्घाटन

    माई बीसीसीएल, माई प्राइड’ और ‘फन एट वर्क’ थीम पर आधारित प्रशिक्षण कार्यशाला मिराकी 1.0 का आयोजन

    धनबाद। सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल ने आज जगजीवन नगर स्थित बीसीसीएल के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी) के नए प्रशिक्षण परिसर ‘‘विश्वेश्वरैया हॉल’ का उद्घाटन किया। अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, ओएसडी/वित्त,  राजेश कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) अनूप कुमार रॉय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन),  कुमार मनोज, महाप्रबंधक (प्रशासन),  अर्पण घोष सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

    उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत परिसर क्षेत्र में ही सीएमडी एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा पौधा-रोपण के साथ की गयी, जिसके पश्चात नव-निर्मित प्रशिक्षण परिसर का औपचारिक शुभारंभ हुआ। नव-निर्मित प्रशिक्षण हॉल में एक बड़े डाइनिंग हॉल के साथ एक साथ 100 प्रतिभागियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था है, जिससे एचआरडी के प्रशिक्षण कार्यों में सुगमता आएगी। 

    प्रशिक्षण परिसर –‘ विश्वेश्वरैया हॉल’ के उद्घाटन के साथ ही कार्यक्रम के दूसरे सत्र में बीसीसीएल मुख्यालय तथा सभी क्षेत्रों के ई-3 से ई-5 स्केल के 80 अधिकारियों के लिए नवनिर्मित हॉल के सभागार में ‘माई बीसीसीएल, माई प्राइड’ और ‘फन एट वर्क’ थीम पर आधारित कार्यशाला मिराकी 1.0 का भी सीएमडी, मनोज अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने शुभारंभ किया।

    कार्यशाला में ‘माई बीसीसीएल, माई प्राइड’ तथा ‘फन एट वर्क’ थीम पर आधारित दो महत्वपूर्ण सत्रों का आयोजन हुआ, जिसका संचालन क्रमशः सीएमडी, श्री मनोज अग्रवाल तथा निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने किया।

    ‘माय बीसीसीएल, माय प्राइड’ (मेरा बीसीसीएल, मेरा गौरव) विषय पर मनोज अग्रवाल, सीएमडी बीसीसीएल, ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए बीसीसीएल की गौरवशाली यात्रा, उसकी उपलब्धियों, तकनीकी प्रगति, विविधीकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) तथा भविष्य की दिशा और लक्ष्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि बीसीसीएल, कोल इंडिया लिमिटेड की एक प्रमुख सहायक इकाई के रूप में न केवल कोयला उत्पादन में अग्रणी है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को निरंतर सशक्त कर रहा है। 

    उन्होंने कहा कि बीसीसीएल का कार्यबल इसकी वास्तविक पूंजी है, और एक समर्पित तथा दक्ष मानव संसाधन ही किसी भी संस्थान की सफलता का आधार होता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से एक स्वस्थ कार्यसंस्कृति के मूल तत्वों, तकनीकी नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं अन्य महत्वपूर्ण मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया, ताकि संगठन की प्रगति और देश के ऊर्जा क्षेत्र में बीसीसीएल की अग्रणी भूमिका और अधिक सुदृढ़ हो सके। मुरली कृष्ण रमैया ने ‘फन एट वर्क’ (कार्यस्थल पर आनंद) विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सकारात्मक, संवादपूर्ण और सहयोगी कार्यसंस्कृति उत्पादकता, रचनात्मकता और कर्मचारी कल्याण के लिए एक प्रेरक तत्व (कैटेलिस्ट) के रूप में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जब कार्यस्थल पर आनंद और सहभागिता का माहौल होता है, तो कर्मचारी अधिक जुड़ाव महसूस करते हैं, उनका मनोबल बढ़ता है और वे अपने कार्य के प्रति अधिक समर्पित रहते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कार्यस्थल पर आनंद तभी सार्थक होता है जब वह स्वाभाविक, उद्देश्यपूर्ण और कर्मचारियों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप हो, अन्यथा यह कृत्रिम और बोझिल प्रतीत हो सकता है।

    विदित हो कि ‘मिराकी’ मूल रूप से एक ग्रीक शब्द है, जिसका आशय है – ‘अपने कार्य को पूरे समर्पण भाव से करना, अर्थात् कार्य को केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति और समर्पण का माध्यम बनाना।

    इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत सीएमडी,  मनोज अग्रवाल एवं अन्य मंचासीन अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप-प्रज्ज्वलन के साथ की गयी। तत्पश्चात राष्ट्रगान, कोल-इंडिया गीत एवं अतिथियों के औपचारिक स्वागत के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। समापन सत्र में सीएमडी,  मनोज अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) और ओएसडी/वित्त को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।  धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (एचआरडी)  अनूप कुमार रॉय तथा मंच-संचालन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सफूरा रुबाब ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय प्रबंधक (खनन),  राधेश्याम दुबे, प्रबंधक (खनन)  सुमित कुमार, एसोसिएट, प्रतीक एवं रणबीर तथा अन्य का विशेष योगदान रहा।