चोपन थाने में रक्तदान शिविर, शहीदों को अनोखी श्रद्धांजलि

चोपन/सोनभद्र : जनपद में पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहभागिता की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर थाना चोपन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सेवा और समर्पण के माध्यम से देश के अमर बलिदानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। उत्सव ट्रस्ट और थाना चोपन के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में पुलिसकर्मियों से लेकर आम नागरिकों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

NTPC

कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को पुष्प अर्पित कर, दीप प्रज्वलन और देशभक्ति के नारों के साथ हुई। ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से पूरा थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि जनपद में पहली बार किसी थाना परिसर में इस तरह का सामाजिक और मानवीय कार्य किया गया, जिससे पुलिस ने अपनी पारंपरिक भूमिका से आगे बढ़कर समाज सेवा की नई मिसाल पेश की।कार्यक्रम का शुभारंभ थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर किया, जिससे उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि शहीदों के बलिदान को याद करने का सबसे अच्छा तरीका समाज के लिए कुछ सार्थक करना है। रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो किसी की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सहयोग ही समाज को मजबूत बनाता है और इस तरह के आयोजन आगे भी लगातार किए जाएंगे।शिविर में कुल 17 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 9 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और रिफ्रेशमेंट देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके योगदान को सराहा गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्सव ट्रस्ट के संरक्षक स्वामी अरविंद सिंह, निदेशक डॉ. अजय शर्मा, कुंदन सिंह, मनीष तिवारी, संजय पाण्डेय, श्रीश पाठक एवं ट्रस्टी आशीष कुमार पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं ब्लड बैंक टीम में डॉक्टर शुभम जैश, काउंसलर रविंद्र प्रसाद, एलटी दिनेश मोदनवाल सहित अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार पाठक ने किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *