बीसीसीएल ट्रेनिंग कार्यक्रम: दूसरे दिन संवाद और नेतृत्व कौशल पर केंद्रित गतिविधियाँ रहीं आकर्षण का केंद्र

सीएमडी एवं निदेशक (एचआर) हुए कार्यक्रम में शामिल। ट्रेनिंग कार्यक्रम का लिया जायजा 

NTPC

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम इम्पैक्ट: मास्टरिंग कम्युनिकेशन एंड प्रेजेंटेशन स्किल्स  के दूसरे दिन आज प्रतिभागियों के लिए सीखने का अनुभव और भी समृद्ध एवं प्रेरक रहा। कार्यक्रम स्थल अन्नपूर्णा हॉल, धनबाद में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में आज सीएमडी समीरन दत्ता तथा निदेशक (मानव संसाधन) मुरलीकृष्णा रमैया ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से प्रशिक्षण को विशेष महत्व प्रदान किया।

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने दिनभर आयोजित सत्रों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों से संवाद भी किया। उन्होंने प्रशिक्षण में अपनाई जा रही पद्धतियों और विषयों की संरचना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम अधिकारियों के संवाद, प्रस्तुति और नेतृत्व कौशल को सशक्त करने की दिशा में अत्यंत उपयोगी हैं। श्री दत्ता और श्री रमैया ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए इस प्रशिक्षण से अर्जित ज्ञान को कार्यस्थल पर व्यवहार में लाने का आह्वान किया। उनकी उपस्थिति ने प्रतिभागियों को विशेष रूप से प्रेरित किया और कार्यक्रम में उत्साह का नया संचार हुआ।

आज के प्रमुख सत्रों में पहला सत्र ‘इफेक्टिव बिज़नेस एंड प्रेजेंटेशन स्किल्स’ पर आधारित रहा, जिसमें प्रतिभागियों को प्रभावशाली व्यावसायिक संवाद, प्रस्तुतीकरण के मूलभूत सिद्धांतों और विभिन्न प्रस्तुतिकरण शैलियों की व्यावहारिक समझ दी गई। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने, ऑडियंस की आवश्यकता को समझने और अपने विचारों को स्पष्टता व प्रभाव के साथ रखने के लिए जरूरी रणनीतियाँ साझा कीं।

दूसरे सत्र में प्रतिभागियों ने ‘डेटा विजुअलाईजेशन टेक्निक्स’ की बारीकियाँ सीखी। इस सत्र में यह बताया गया कि कैसे जटिल आंकड़ों को सरल, दृश्यात्मक और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। ग्राफ, चार्ट, इन्फोग्राफिक्स और इंटरएक्टिव टूल्स के माध्यम से प्रतिभागियों ने यह जाना कि आंकड़ों को कैसे प्रस्तुत किया जाए जिससे निर्णय-निर्माताओं और श्रोताओं पर सकारात्मक प्रभाव डाला जा सके।

तीसरे सत्र में ‘इफेक्टिव बिज़नेस कम्युनिकेशन’ की व्यावहारिक शैली पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें व्यावसायिक ईमेल लेखन, मीटिंग में संवाद, सकारात्मक प्रतिक्रिया देना, और सहकर्मियों से संवाद में स्पष्टता और विनम्रता के महत्त्व को समझाया गया। इस सत्र में सहभागियों को अपने दैनिक कार्य में प्रयोग आने वाले संवाद के विविध स्वरूपों पर आत्ममूल्यांकन का अवसर भी मिला।

दिन का समापन एक विशेष सत्र से हुआ, जिसका विषय था ‘प्रेजेंटेशन मेकिंग विथ द हेल्प ऑफ़ एआई टूल्स’। इस नवाचार-आधारित सत्र में प्रतिभागियों ने यह सीखा कि किस प्रकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आधुनिक टूल्स की मदद से प्रेजेंटेशन को अधिक रचनात्मक, समयबद्ध और प्रभावी बनाया जा सकता है। कैनवा और अन्य एआई टूल्स की सहायता से प्रस्तुति निर्माण के चरणों को लाइव प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रतिभागियों को तकनीक और प्रस्तुतीकरण के एकीकृत स्वरूप की जानकारी प्राप्त हुई। प्रशिक्षण का दूसरा दिन संवाद, कौशल, तकनीकी अनुप्रयोग और नेतृत्व की दिशा में एक समग्र दृष्टिकोण के साथ सम्पन्न हुआ। प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी, प्रशिक्षकों की विशेषज्ञता और प्रबंधन के मार्गदर्शन ने इस दिन को विशेष रूप से प्रभावशाली बना दिया। कार्यक्रम का संचालन देवांशी जैन ने किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *