एनटीपीसी अंता द्वारा स्थापित एस्ट्रोनोमी प्रयोगशाला का शुभारम्भ

बारा ।एनटीपीसी अंता द्वारा अपने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, काचरी में स्थापित एस्ट्रोनोमी (खगोल विज्ञान) प्रयोगशाला का शुभारम्भ 11 मार्च, 2026 को किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का मुख्य आतिथ्य प्रेरणा महिला मण्डल की अध्यक्षा मनीषा बवेजा ने किया।

NTPC

इस प्रयोगशाला की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की रोमांचक और अद्भुत दुनिया से परिचित कराना है। इस प्रयोगशाला के माध्यम से छात्र-छात्राएँ सौरमंडल, ग्रहों, तारों, नक्षत्रों, आकाशगंगाओं तथा ब्रह्मांड से जुड़े विभिन्न वैज्ञानिक तथ्यों को व्यवहारिक रूप से समझ सकेंगे। साथ ही यह पहल विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मनीषा बवेजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि यह कल्पना, जिज्ञासा और खोज की भावना को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व तेजी से विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है, ऐसे में विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की प्रयोगशाला अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएँ, नए प्रयोग करें और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें।

इस अवसर पर निशांत कुमार, उप प्रबंधक (मानव संसाधन), सुशील सोनवंशी, कार्यपालक (सीएसआर), प्रेरणा महिला मण्डल की उपाध्यक्षा संतोषी देशमुख, सदस्या बेडवाल, विद्यालय के प्राचार्य बद्री लाल मालव, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य बद्री लाल मालव ने एनटीपीसी अंता तथा प्रेरणा महिला मण्डल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस एस्ट्रोनोमी प्रयोगशाला की स्थापना से विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नई दिशा और प्रेरणा प्राप्त होगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए एनटीपीसी अंता के प्रयासों की प्रशंसा की तथा विश्वास व्यक्त किया कि इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सीखने की उत्सुकता और अधिक बढ़ेगी।

एनटीपीसी अंता द्वारा इस प्रकार की पहलें स्थानीय समुदाय में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में निरंतर की जा रही हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *