रेणुकूट में व्यापार मंडल चुनाव की सरगर्मी तेज

 अध्यक्ष पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने किया नामांकन

NTPC

रेणुकूट/सोनभद्र। स्थानीय नगर में व्यापार मंडल चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को चुनाव प्रबंधन समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव की सूचना क्षेत्रीय उपजिलाधिकारी निखिल यादव को दे दी। इस दौरान प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया गया। उपजिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
बताया जा रहा है कि शनिवार तक व्यापार मंडल के अध्यक्ष पद के लिए पांच व्यापारियों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अध्यक्ष पद की दौड़ में सत्येंद्र कुमार यादव, रामकुमार जायसवाल, अलाउद्दीन, बृज किशोर गुप्ता और सैयद अली अंसारी शामिल हैं। इन नामों के सामने आने के बाद चुनाव को लेकर बाजार क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं और व्यापारी वर्ग में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।इसी बीच चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी जारी है। चुनाव प्रबंधन समिति के अनुसार अब तक लगभग 400 व्यापारियों ने सदस्यता लेकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है, और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 11 सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। समिति में शिवकुमार सिंह, बिंदु गिरी, अमरेंद्र सिंह, रियासत अली, उमानाथ, रामचंद्र, विजय प्रताप सिंह, यतीश पटेल, राज वर्मा, नागेंद्र जायसवाल और आनंद अग्रहरि को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य चुनाव की पूरी प्रक्रिया नामांकन, जांच, मतदान और मतगणना को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएंगे। व्यापार मंडल चुनाव को लेकर नगर के व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और बैठकों के साथ चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। व्यापारियों का मानना है कि नए नेतृत्व के चयन से व्यापारिक हितों को मजबूती मिलेगी और बाजार से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *