धनबाद। कल्याण भवन (एचआरडी) में कंपनी में कार्यरत मानव संसाधन अधिकारियों हेतु आयोजित ‘सेवाओं में आरक्षण (एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी)’ विषय पर दो-दिवसीय (18–19 मार्च 2026) सेंसिटाइजेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस/पीडब्ल्यूडी वर्गों के लिए सेवाओं में आरक्षण, पदोन्नति, चयन एवं नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों, नीतिगत दिशानिर्देशों तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं के प्रति प्रतिभागियों को जागरूक करना था, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष वक्ता एवं प्रशिक्षक के रूप में कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय (DoPT) के पूर्व निदेशक संदीप मुखर्जी द्वारा विषय के विभिन्न आयामों जैसे रोस्टर प्रणाली, पदोन्नति में आरक्षण, न्यायालयीन निर्णयों के प्रभाव तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस के विषय आरक्षण, जाति प्रमाण पत्र और आरक्षण रोस्टर, जिनपर मुख्यतः एससी/एसटी/ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस से संबंधित प्रावधानों एवं उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन पर चर्चा की गई, जबकि द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में आरक्षण रजिस्टर एवं रोस्टर की तैयारी से संबंधित व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। वहीं दूसरे सत्र में पीडब्ल्यूडी (पर्सन्स विद डिसैबिलिटीज) हेतु आरक्षण से संबंधित प्रावधानों एवं उनके प्रभावी अनुपालन पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। श्री संदीप मुखर्जी ने प्रतिभागियों को व्यवहारिक दृष्टिकोण से प्रशिक्षित करते हुए विभिन्न केस स्टडी एवं उदाहरणों के माध्यम से विषय को सरल एवं स्पष्ट रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (एचआरडी) अनूप कुमार रॉय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, विभागाध्यक्ष (सीएसआर/आईआर) सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर सहित कोयला भवन मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी और नव-नियुक्त मैनेजमेंट ट्रेनी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दर्ज की।
समापन अवसर पर महाप्रबंधक (एचआरडी) द्वारा अतिथि वक्ता संदीप मुखर्जी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप-प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती चारूलता द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एचआरडी के प्रबंधक (खनन) श्री सुमित कुमार, एचआरडी टीम के अधिकारियों एवं कर्मियों का विशेष योगदान रहा।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही, ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को संगठन में समान अवसर, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व की संस्कृति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण बताया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
