राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित सात दिवसीय शिविर का भव्य समापन

शक्तिनगर/ सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। सात दिनों तक चले इस शिविर में सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।समापन समारोह के दौरान नारी सशक्तिकरण एवं नारी सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। शक्तिनगर पुलिस विभाग द्वारा ‘मिशन शक्ति’ अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान स्वयंसेविकाओं ने ‘मैं बोझ नहीं हूँ’ विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर समाज को सशक्त संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091 एवं 181 की जानकारी भी दी गई और इनके उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस विभाग ने साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल सुरक्षा के उपायों पर भी प्रकाश डाला और युवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी।कार्यक्रम अधिकारी अजय लक्ष्मी ने स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता, संघर्ष, त्याग और निष्ठा जीवन की सफलता के मूल मंत्र हैं। उन्होंने युवाओं से आत्मसम्मान और दृढ़ संकल्प के साथ समाज सेवा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।शिविर के दौरान किशोर-किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन कार्यक्रम में सदाशिव राय, नंदकुमार, सुनीता यादव, डॉ. एन. सागर, अनिला मित्रा, रिंकी एवं योगेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं स्वयंसेवकों में सरस्वती, पूजा, मुस्कान, ज्योति, ममता, श्रुति, विजय, किशोरी, विशाल और कुलदीप सहित अन्य का सहयोग सराहनीय रहा।अंत में कार्यक्रम अधिकारी अजय लक्ष्मी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और सभी प्रतिभागियों के योगदान की सराहना करते हुए शिविर के सफल समापन की घोषणा की गई।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
