जंगल में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी, चार दिन से थे लापता

डाला (राकेश जायसवाल)-चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के टोला छिकराडाड़ से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों चार दिन से लापता बताए जा रहे थे।जानकारी के अनुसार कोटा ग्राम पंचायत के छिकराडाड़ निवासी रामसूरत (लगभग 45 वर्ष) पुत्र धनराज और उनकी पत्नी कौशल्या देवी (लगभग 40 वर्ष) गांव में ही रामसुंदर के मकान पर मिट्टी से दीवार उठाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक चार दिन पहले दोनों रोज की तरह काम पर गए थे और शाम को घर लौटने के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।रविवार दोपहर जंगल में एक आसन के पेड़ से गमछे के सहारे पुरुष का शव लटका मिला, जबकि महिला का शव पास ही एक नाली के किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची चोपन पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक दंपति के बड़े बेटे शिवशंकर ने बताया कि परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। एक बहन सुनीता की शादी हो चुकी है, जबकि सीता कुमारी (11 वर्ष), राजकुमारी (8 वर्ष) और एक छोटी बहन (5 वर्ष) अभी घर पर हैं। छोटे भाई वीर सिंह की अभी शादी नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *