सिंगरौली। रेड क्रॉस ब्लड बैंक सोसायटी के डायरेक्टर आर.डी. द्विवेदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर हिंडालको – महान अस्पताल में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवता को समर्पित इस आयोजन में कुल 75 रक्तदानियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी योगदान दिया।

रक्तदान शिविर में हिंडालको – महान के द्वय इकाई प्रमुख एस. सेंथिल नाथ, लिनु पंचमन, एच.आर. हेड डॉ. विवेकानंद मिश्रा, सीएमओ डॉ. आशेष शरण, सुदीप्ता नायक और सुब्रत पाढ़ी सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

इस दौरान कार्यक्रम का सबसे प्रेरक क्षण वह रहा जब डॉ. विवेकानंद मिश्रा और उनकी धर्मपत्नी श्रद्धा मिश्रा ने एक साथ रक्तदान कर समाज को मानवीय सेवा का सशक्त संदेश दिया। दंपत्ति द्वारा किया गया यह रक्तदान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के लिए विशेष प्रेरणा का केंद्र बना। कई लोगों ने इसे परिवार स्तर पर समाज सेवा की मिसाल बताते हुए सराहना की। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले एस. सेंथिल नाथ, लिनु पंचमन और डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक जागरूकता के माध्यम से यदि अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे तो अस्पतालों में रक्त की कमी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।
रक्तदान शिविर के सफल संचालन में हिंडालको – महान अस्पताल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएमओ डॉ. आशेष शरण और डॉ. दीप्ति शरण (चीफ कंसल्टेंट गायनेकोलॉजिस्ट) के मार्गदर्शन में अस्पताल के स्टाफ ने पूरी व्यवस्था संभाली। अस्पताल टीम में योगेश, हरजीत, पंकज, सनत, अरविंद और प्रभात के साथ सिस्टर आरती, सिस्टर शुषमा और सिस्टर आशा ने शिविर के संचालन में सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने रेड क्रॉस ब्लड बैंक सोसायटी के डायरेक्टर आर.डी. द्विवेदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही इस सेवा कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
