फाइनल मुकाबले में सीआईएसएफ ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया

हजारीबाग / चट्टी-बरियातु कोयला खनन परियोजना की सीडी-सीएसआर पहल के तहत आयोजित पांच दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन शनिवार को पगार क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मंगलवार को परियोजना प्रमुख श्री धनंजय श्रीखंडे द्वारा किया गया था।
इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया, जिनमें जोरदाग, चट्टी बरियातु और पगार के स्थानीय गाँवों की 13 टीमें, तथा सीआईएसएफ, एसआईएसएफ पगार कैंप और एनएमएल सीबीसीएमपी की एक-एक टीम शामिल थीं। पूरे पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह आयोजन परियोजना प्रभावित गाँव (PAV) के प्रतिभागियों और सीबीसीएमपी कर्मचारियों के बीच टीमवर्क और सामुदायिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। शुरुआती लीग मुकाबलों के बाद कड़े मुकाबलों के बीच जोरदाग ए, जोरदाग बी, चट्टी बरियातु गाँव और सीआईएसएफ की टीमें सेमीफाइनल में पहुँचीं। शानदार प्रदर्शन करते हुए चट्टी बरियातु गाँव और सीआईएसएफ की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में सीआईएसएफ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 12-12 ओवर के इस मैच में सीआईएसएफ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 134 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चट्टी बरियातु गाँव की टीम 85 रन पर ऑल आउट हो गई, जिससे सीआईएसएफ ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में परियोजना प्रमुख धनंजय श्रीखंडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीआईएसएफ कमांडेंट दीपक कुमार, चट्टी बरियातु के मुखिया जाहिरलाल महतो, सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र रजक, पूर्व मुखिया सुंदर गुप्ता सहित सीबीसीएमपी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
