रायपुर/ एचएनएलयू और फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया हैं, जिसका उद्देश्य विधि, विकास और सामान्य शासन के क्षेत्रों में छात्रों के लिए सहयोगात्मक अनुसंधान के प्रयासों को बढ़ावा देना और कैरियर के अवसरों का विस्तार करना है। इस एमओयू पर छत्तीसगढ़ एफईएस की राज्य प्रमुख डॉ. मनजीत कौर बल और एचएनएलयू के प्रभारी रजिस्ट्रार डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव द्वारा हस्ताक्षर 12 मार्च, 2026 को एचएनएलयू परिसर में एचएनएलयू और एफईएस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित “साझा संसाधनों का कानून, विकास और शासन: क्षेत्र में अनुसंधान परिप्रेक्ष्य और कैरियर के अवसर” शीर्षक वाली कार्यशाला के आयोजन के समय किया गया। इस कार्यशाला में एचएनएलयू के शिक्षण संकाय सदस्य, एफईएस के अधिकारी उपस्थित थे। उद्घाटन भाषण देते हुए, एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने विकास मॉडलों की कमियों और साझा संसाधनों की पारिस्थितिक स्थिरता के लिए एक रचनात्मक कानूनी ढांचे द्वारा समर्थित साझा संसाधनों के मॉडल पर लौटने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। डॉ. मनजीत कौर बल ने अपने संबोधन में सतत विकास के लिए एफईएस के प्रयासों और एचएनएलयू के साथ साझेदारी को अपने समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा बताया।

कार्यक्रम को एफईएस एलएमई की प्रोग्राम मैनेजर सुश्री पूजा चंद्रन ने भी संबोधित किया और एफईएस-एलएमई के श्री शिवम संडिया ने भी चर्चा और संवाद में भाग लिया। इससे पहले कार्यक्रम में डीन रिसर्च, प्रोफेसर (डॉ.) विष्णु कुनूरायर ने एफईएस के साथ प्रस्तावित सहयोग के बारे में जानकारी दी और पर्यावरण विधि केंद्र के प्रमुख डॉ. राणा नवनीत रॉय ने भी चर्चा में भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रभारी रजिस्ट्रार डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित प्रतिभागियों का स्वागत किया और इंटर्नशिप एवं रिक्रूटमेंट समन्वय समिति के संयोजक डॉ. अंकित अवस्थी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम का संचालन एचएनएलयू की छात्राएं सुश्री देवांशी तिवारी और सुश्री ऋषिता देशलहरा द्वारा किया गया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
