सोनभद्र। देश में कुशल मानव संसाधन के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए एनटीपीसी विंध्याचल ने वार्षिक अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम के तहत 116 युवा अभ्यर्थियों को शामिल किया। यह कार्यक्रम अप्रेंटिसशिप अधिनियम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ आरएलआई विंध्याचल में किया गया, जहाँ प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें आगे मिलने वाले प्रशिक्षण अवसरों से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर डॉ. देबस्मिता त्रिपाठी, एजीएम (आरएलआई) ने अपने संबोधन में कहा कि अप्रेंटिसशिप शिक्षा और रोजगार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है, जिससे युवा पेशेवरों को उद्योग के अनुरूप कौशल प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को एनटीपीसी में उपलब्ध इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा अपने पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में सुरक्षा, अनुशासन और एनटीपीसी के मूल्यों के पालन के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षुओं को प्रारंभिक एक सप्ताह का कक्षा आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्लांट एवं व्यक्तिगत सुरक्षा, प्रक्रियाओं की समझ और प्लांट संचालन का परिचय शामिल होगा।
इसके बाद अभ्यर्थियों को उनके ट्रेड के अनुसार विभिन्न विभागों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। एनटीपीसी द्वारा प्रतिवर्ष संचालित यह एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक संस्थानों से आए अभ्यर्थियों को संरचित प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करता है। साथ ही उन्हें अप्रेंटिसशिप नियमों के अनुसार स्टाइपेंड भी दिया जाता है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अप्रेंटिसशिप प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
कार्यक्रम में आशीष अग्रवाल, एजीएम (सेफ्टी), राघवेंद्र प्रसाद, एजीएम (आरएलआई), श्याम बिहारी मौर्य, डीजीएम (आरएलआई), केशव ठाकुर, डीजीएम (आरएलआई), रविकांत रामिन्नी, वरिष्ठ प्रबंधक (आरएलआई)य तथा धनंजय कुमार, वरिष्ठ सहायक अधिकारी (आरएलआई) सहित आरएलआई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
