अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोयला भवन मुख्यालय,बीसीसीएल में स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन

महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा परिधान प्रतियोगिता का आयोजन। क्षेत्रों में भी विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन।

NTPC

धनबाद।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीमेन इन पब्लिक सेक्टर (डब्ल्यूआईपीएस), बीसीसीएल के तत्वावधान में आज कोयला भवन मुख्यालय में कंपनी में कार्यरत सभी महिला कर्मियों के लिए दो दिवसीय (09–10 मार्च) स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट, एनीमिया तथा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग से संबंधित जाँच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य महिला कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर आवश्यक जाँच, परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनके समग्र स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन सीएमएस, बीसीसीएल, डॉ. पूनम दुबे ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)कुमार मनोज, महाप्रबंधक (वित्त)एम.एस. राजू, विभागाध्यक्ष (सीएसआर/औद्योगिक संबंध)  सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (वीआईपी सेल)-सह-समन्वयक (डब्ल्यूआईपीएस, बीसीसीएल), निर्मला किरण, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक तथा विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना)  मधुस्मिता लकड़ा सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य सभी  महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, महिला अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. पूनम दुबे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों, उनकी क्षमता और समाज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में महिला कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण का ध्यान रखना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला कर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जाँच कराने, संतुलित आहार अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। डॉ. दुबे ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से अनेक गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी और सफल हो पाता है। उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उल्लेखनीय है कि शिविर में स्थापित हेल्थ किओस्क मशीन में इनवेसिव तथा नॉन-इनवेसिव दोनों प्रकार की स्वास्थ्य जाँच की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में मुख्यालय की महिला कर्मियों ने स्वास्थ्य शिविर में भाग लेकर अपनी आवश्यक स्वास्थ्य जाँच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

इसी क्रम में कार्यक्रम के दूसरे सत्र में तृतीय तल स्थित सभागार में महिला कर्मियों के लिए पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय की महिला अधिकारियों एवं कर्मियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर अपनी सांस्कृतिक विरासत और विविधता का आकर्षक प्रदर्शन किया।

इस दौरान महिला अधिकारियों एवं कर्मियों ने महिला सशक्तिकरण, समानता और कार्यस्थल पर अवसरों की समान भागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने अपने-अपने गृह राज्यों की पारंपरिक पोशाकों और सांस्कृतिक पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

अवसर पर सीएमएस डॉ. पूनम दुबे, निर्मला किरण सहित मुख्यालय की सभी महिला अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की सफलता में डब्ल्यूआईपीएस, बीसीसीएल की सभी महिला सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा।

इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएचडी सहित बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें स्वास्थ्य शिविर, मेहंदी प्रतियोगिता, थाली सजावट, पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता तथा अन्य जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *