सोनभद्र। आयुक्त विंध्याचल मंडल मिर्जापुर/नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को जनपद भ्रमण के दौरान निर्माणाधीन राज्य कर कार्यालय एवं पर्यटन कार्यालय के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राज्य कर कार्यालय के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। मंडल आयुक्त ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन मिर्जापुर को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि राज्य कर भवन का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने राज्य कर कार्यालय तक पहुंचने वाली सड़क के निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने से कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके पश्चात मंडल आयुक्त ने सर्किट हाउस के समीप निर्माणाधीन पर्यटन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्यटन कार्यालय का निर्माण कार्य भी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए, ताकि जनपद में पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। इस दौरान जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डी0सी0 मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, तहसीलदार सदर अमित कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
