सीएम डैशबोर्ड,फ्लैगशिप योजनाओं एवं आईजीआरएस शिकायतों की मंडल आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के मंडल आयुक्त राजेश प्रकाश ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीएम डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों, विकास कार्यों तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त हो रही शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। उन्होंने कहा कि शासन का निर्देश है कि जनपद स्तरीय सुबह 10.00 बजे से 12.00 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर जन सुनवाई करें और जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में मंडल आयुक्त ने जल जीवन मिशन, पीएम कुसुम योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंडल आयुक्त ने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्रता से पूरा करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मंडल आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इस मौके पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त विन्ध्याचल मण्डल मिर्जापुर रमेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डी0सी0 मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, तहसीलदार सदर अमित कुमार, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें। 

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *