सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र से गुम हुई चार वर्षीय बालिका को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलाकर राहत की सांस दिलाई। पुलिस की तत्परता और लगातार की गई तलाश के कारण मासूम सुरक्षित अपने घर पहुंच सकी, जिससे परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।जानकारी के अनुसार कनछ कोड़े थाना चोपन जनपद सोनभद्र की रहने वाली अंशिका पुत्री राजेश विश्वकर्मा (उम्र लगभग 4 वर्ष), जो इन दिनों बिल्ली पहाड़ी थाना ओबरा क्षेत्र में रह रही थी, अचानक लापता हो गई थी। बालिका के गुम होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और उसकी तलाश के लिए दो टीमों का गठन कर दिया गया।तलाश के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की, जिसमें बालिका अकेले पैदल चोपन की दिशा में जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस टीम ने रास्ते में मिलने वाले ऑटो और टोटो चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी बच्ची की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया। लगातार की गई खोजबीन और सूझबूझ के बाद पुलिस ने 5 मार्च को बच्ची को ग्राम बाड़ी, डाला थाना चोपन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया और उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत जताते हुए पुलिस की सक्रियता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई की सराहना की।बरामदगी में ओबरा थाना की दोनों पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनमें निरीक्षक सदानन्द राय, उपनिरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह, आरक्षी यशवंत सरोज, आरक्षी प्रवीण राय, निरीक्षक शमशेर यादव, उपनिरीक्षक रामसिंह यादव, आरक्षी पंकज पाल तथा महिला आरक्षी रिंकू गुप्ता शामिल रहे।


गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
