संविधान एवं राजभाषा नीति के आलोक में हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन पर हुआ सार्थक विमर्श

राजभाषा हिंदी का प्रभावी कार्यान्वयन संगठन की कार्यक्षमता, पारदर्शिता एवं जनसंपर्क को सुदृढ़ बनाता है – सी. एच. किशोर कुमार
सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा दिनांक 07 फरवरी 2026 से एक दो दिवसीय विशेष हिंदी कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला में एनटीपीसी सिंगरौली के बड़ी संख्या में कर्मचारी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। कार्यशाला का विषय “संविधान एवं राजभाषा नीति के आलोक में हिंदी का कार्यान्वयन” रहा, जिस पर सुप्रसिद्ध राजभाषा विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर निजी सचिव, भारत के राष्ट्रपति एवं पूर्व महाप्रबंधक (राजभाषा), एनटीपीसी लिमिटेड ने विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी. एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–राजभाषा) एवं सदस्य सचिव, नराकास सोनभद्र द्वारा किया गया।

अपने मुख्य वक्तव्य में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने संविधान में निहित राजभाषा प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम एवं नियमों तथा केंद्र सरकार की भाषा नीति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक पहचान एवं प्रशासनिक सरलता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर विशेष बल दिया।
मुख्य अतिथि सी. एच. किशोर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी कार्यान्वयन संगठन की कार्यक्षमता, पारदर्शिता एवं जनसंपर्क को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने ऐसी कार्यशालाओं को कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी निरंतर ऐसे आयोजनों के आयोजन पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि रश्मि रंजन मोहंती ने कहा कि हिंदी के माध्यम से कार्य करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है तथा कार्य निष्पादन अधिक सरल एवं प्रभावी बनता है।
इस अवसर पर एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र को राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि इस दो दिवसीय विशेष हिंदी कार्यशाला के अंतर्गत दिनांक 09 फरवरी 2026 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, सोनभद्र के सदस्यों एवं कर्मचारियों हेतु विशेष सत्र का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने राजभाषा से संबंधित विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय विशेष हिंदी कार्यशाला राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
