“सुरक्षा, पर्यावरण और जिम्मेदारी—यही हिंडालको महान की पहचान और भविष्य की दिशा है” — एस. सेंथिलनाथ

सिंगरौली। हिंडालको महान में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। मुख्य समारोह हिंडालको महान सांस्कृतिक प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां परियोजना प्रमुख एस. सेंथिलनाथ ने राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया और सलामी परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में एस. सेंथिलनाथ ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को व्यवहार में उतारने का दिन है। उन्होंने सभी से सुरक्षित कार्य संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने हिंडालको महान की बीते वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सुरक्षित कार्यप्रणाली के लिए राष्ट्रीय सम्मान, डब्ल्यूआरएम विस्तार परियोजना की स्वीकृति, नई तकनीक आधारित उत्पाद विकास, ऊर्जा व फ्लाई ऐश प्रबंधन, नवाचार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार, कर एवं ईएसजी श्रेणी में मिले प्रतिष्ठित सम्मान के साथ-साथ जनसम्पर्क विभाग को प्राप्त ‘विंध्य गौरव सम्मान’ का विशेष रूप से उल्लेख किया और इसे संगठन की सकारात्मक छवि व संवाद की सफलता बताया।
समाज के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने हालिया रक्तदान शिविर की जानकारी दी, जिसमें 91 साथियों ने रक्तदान कर 91 लोगों के जीवन में नई आशा जगाई। कर्मचारियों के लिए नई बस सेवाएं, 100 प्रतिशत सुरक्षा प्रशिक्षण, हरित पहल के तहत ईवी फोर्कलिफ्ट, 32 नए आवासीय क्वार्टर तथा प्रोजेक्ट उड़ान के माध्यम से 39 युवाओं को प्रशिक्षण और 100 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी।
अपने वक्तव्य के अंत में उन्होंने तीन संकल्प दोहराए—
सुरक्षा सर्वोपरि रहे, पर्यावरण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी बने और हिंडालको महान देश की गर्व करने योग्य इकाई बने।
उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए अपने संबोधन का समापन किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर हिंडालको महान सांस्कृतिक प्रांगण में सुरक्षा प्रमुख कर्नल गौरव चतुर्वेदी (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में सलामी परेड का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सुरक्षा प्रथम के संदेश को मजबूत करने के उद्देश्य से सुरक्षा रैली निकाली गई, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिखे पोस्टर हाथों में लेकर संयंत्र परिसर में भ्रमण किया और सुरक्षित कार्य संस्कृति का संदेश दिया।
सुरक्षा कर्मियों के सम्मान में “बड़ा खाना” का आयोजन कर उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की सराहना की गई। इस अवसर पर मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक, स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार, कास्ट हाउस प्रमुख संजय चतुर्वेदी, जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह सहित सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर आर एंड आर स्कूल मझिगंवा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक उपाध्याय ने किया। सायं रॉकर्स क्लब के मंगलम हॉल में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पुनर्वास (आर एंड आर) कॉलोनी मझिगंवा में आयोजित समारोह में विजय वैश्य द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पुरस्कार और मिठाई देकर प्रोत्साहित किया गया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
