सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल में 7 मार्च 2026 को उमंग भवन में 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस “इंगेज, एजुकेट एवं इंपॉवर पीपल टू इन्हेंस सेफ्टी” थीम के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ए. जे. राजकुमार, महाप्रबंधक ( प्रचालन एवं अनुरक्षण) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम), सतेंद्र कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम), देवब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं), रूमा डे शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) तथा ज्ञान सिंह भाटी,उप कमांडेंट (सीआईएसएफ) सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद एनटीपीसी गीत एवं सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिससे सभी ने कार्यस्थल पर सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों का पालन करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में ए. जे. राजकुमार ने स्टेशन की सुरक्षा उपलब्धियों एवं सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सुधार और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं संविदा कर्मियों के लिए सुरक्षा क्विज, स्टोरी राइटिंग, सुरक्षा गीत और सुरक्षा वीडियो निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान स्टेशन में उत्कृष्ट सुरक्षा कार्यों को भी सम्मानित किया गया। हाउसकीपिंग एक्सीलेंस, सेफ जोन प्रतियोगिता, विभागीय हाइरा समीक्षा, सुरक्षा सुझाव तथा सुरक्षा के प्रति सजग एजेंसियों एवं संविदा कर्मियों सहित विभिन्न श्रेणियों में लगभग 250 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी विंध्याचल परिवार की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिसने संगठन की प्रत्येक कार्यप्रणाली में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
