150 किलो गांजा बरामद, अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़

सोनभद्र । होली से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 किलोग्राम नाजायज गांजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 28 फरवरी की रात करीब 8:55 बजे वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर टाटा मोटर्स शो-रूम के आगे संदिग्ध अवस्था में खड़े आयशर गुड्स कैरियर वाहन संख्या OD19 X 8751 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एल्यूमिनियम बंडलों के पीछे छिपाकर रखे गए 8 प्लास्टिक बोरों में कुल 150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22.50 लाख रुपये आंकी गई है।वाहन चालक अनन्ता द्वारी निवासी अंगुल, उड़ीसा को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, नगद धनराशि और वाहन संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने गांजा ढोने का काम स्वीकार किया था और इसके लिए 50 हजार रुपये तय हुए थे, जिसमें 10 हजार रुपये अग्रिम मिले थे। वाहन स्वामी को गांजा लदे होने की जानकारी नहीं होने की बात भी सामने आई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *