स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत वेकोलि ने की नौ अभिनव पहलें, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण को बढ़ावा

Spread the love

नागपुर। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) द्वारा स्पेशल कैंपेन-6 के अंतर्गत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए नौ अभिनव श्रेष्ठ पहलें की गई हैं। वेस्ट टू वेल्थ की अवधारणा को साकार करते हुए वेकोलि मुख्यालय, नागपुर में कबाड़ सामग्री से ई-वेस्ट कियोस्क/वर्कस्टेशन विकसित किया गया है, जो इलेक्ट्रॉनिक कचरे के व्यवस्थित संग्रहण, पृथक्करण एवं निपटान में सहायक है। इसी क्रम में सेंट्रल वर्कशॉप, ताडाली में सर्किट बोर्ड, हार्ड ड्राइव, की-बोर्ड सहित अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कलात्मक इंस्टॉलेशन तैयार किया जा रहा है, जो ई-वेस्ट के रचनात्मक पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देता है।

सफाई मित्रों, घरेलू सहायकों एवं संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए मुख्यालय में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर  के अंतर्गत ‘मेगा स्वास्थ्य शिविर’ आयोजित कर स्वास्थ्य जाँच की गई तथा सुरक्षा किट वितरित की गईं। वहीं, चंद्रपुर क्षेत्र में महा रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। बच्चों में पुनर्चक्रण और संसाधन संरक्षण की समझ विकसित करने के लिए वेकोलि मुख्यालय में ‘वेस्ट टू वंडर’ कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अनुपयोगी सामग्रियों से उपयोगी एवं रचनात्मक वस्तुएँ बनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शिक्षा एवं जनकल्याण के अंतर्गत वेकोलि ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया स्थित माता शबरी बालिका आवासीय शिक्षा परिसर की 160 से अधिक छात्राओं को शैक्षणिक सहायता एवं बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराईं। माजरी क्षेत्र में पुराने बस्ती क्षेत्र की अतिक्रमित भूमि को जेसीबी की सहायता से मुक्त कराकर साफ-सफाई की गई तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से वहाँ पौधारोपण एवं फेंसिंग के माध्यम से हरित क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।

स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत पाथाखेड़ा क्षेत्र द्वारा मध्य प्रदेश के छत्तरपुर ग्राम में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कर ग्रामीण खेलों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता, अनुशासन एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। मुख्यालय में स्वच्छता को कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने के लिए ‘स्वच्छता उत्कृष्टता पुरस्कार’ प्रारंभ किए गए हैं। विशेष सशक्त समिति ने 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर, 2026 को विभागों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, कार्यस्थल की सुव्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव एवं अनुशासन के आधार पर मूल्यांकन किया।

वेकोलि की ये नौ पहलें अनुपयोगी सामग्रियों के रचनात्मक उपयोग, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण, शिक्षा, हरित क्षेत्र विकास और कार्यालयीन स्वच्छता को एकीकृत रूप से बढ़ावा देती हैं। कंपनी स्पेशल कैंपेन – 6 के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छता को स्थायी कार्यसंस्कृति बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए कर्मचारी एवं सामुदायिक सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *