काशी में पेयजल एवं जलनिकासी से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण कराएं – मंत्री ए.के. शर्मा

Spread the love

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*वृक्षारोपण, पार्कों के विकास एवं सड़कों के सौंदर्यीकरण से काशी को और आकर्षक बनाने के निर्देश*

*उपभोक्ताओं को अनवरत, निरंतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी: ऊर्जा मंत्री*

वाराणसी। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान नगर निगम, जलकल एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें कर विभागीय कार्यों एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ पेयजल आपूर्ति, जलनिकासी तथा नगरीय अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएं। विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।

      नगर विकास मंत्री ने वाराणसी में वृक्षारोपण, पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख मार्गों, सड़कों के किनारे एवं डिवाइडरों पर आकर्षक पौधे एवं फूल लगाकर शहर के सौंदर्य को और निखारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं व्यवस्थित बनाया जाए। पार्कों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ ही नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाए।

      ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को वाराणसी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनवरत, निरंतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, नवीन विद्युत परियोजनाओं, उपकेंद्रों एवं ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि सहित प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो तथा बार-बार शटडाउन लेने से बचा जाए। विद्युत तंत्र की नियमित निगरानी एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य समय से सुनिश्चित किए जाएं। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों को बदलने, विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा नवीन विद्युत संयोजन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें।

       नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर अशोक तिवारी, नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में एमडी संदीप कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *