सोलर रूफटॉप से बिजली बिल में आई कमी, 5500 उपभोक्ताओं ने पीएम मोदी को हस्तलिखित पत्र लिखकर जताया आभार

Spread the love

वाराणसी को सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन में प्रदेश में दूसरा और देश में दसवां स्थान

65800 से अधिक घरों की छतों पर लग चुके हैं सोलर पैनल

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी सोलर रूफटॉप अभियान का असर अब काशी के घरों में दिखाई देने लगा है। घरों की छतों पर स्थापित सोलर रूफटॉप से बिजली उत्पादन होने और विद्युत बिल में उल्लेखनीय कमी आने से लाभान्वित व्यापारियों, उद्यमियों, सरकारी कर्मचारियों, पेंशनधारियों उपभोक्ताओं में खुशी का माहौल है। विशेष कर सरकारी कर्मचारियों तथा पेंशनधारियों को अपने पेंशन की धनराशि से विद्युत अधिभार की अधिक धनराशि भुगतान की जाती रही, लेकिन अब इसमें कमी आई है । इसी खुशी और संतुष्टि को जाहिर करते हुए वाराणसी के 5500 लोगों ने काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तलिखित पत्र लिखकर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

        जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए करीब 91 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 65800 से अधिक घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम का इंस्टॉलेशन पूरा किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर भी तेजी से कार्यवाही की जा रही है। संबंधित विभागों द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द सभी पात्र आवेदकों के घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर दिए जाएं, जिससे अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा का लाभ उठा सकें।

     सोलर रूफटॉप योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के दिशा-निर्देशन में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। निरंतर समीक्षा के परिणामस्वरूप जिले ने सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि के चलते वाराणसी को उत्तर प्रदेश में दूसरा तथा पूरे भारत में दसवां स्थान प्राप्त हुआ है। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगने से उपभोक्ताओं को परंपरागत बिजली पर निर्भरता कम करने और बिजली बिल में बचत करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य को भी मजबूती मिल रही है। प्रधानमंत्री को 5500 उपभोक्ताओं द्वारा पत्र लिखकर धन्यवाद देना इस बात का प्रमाण है कि सोलर रूफटॉप योजना का लाभ अब आम लोगों के जीवन में प्रत्यक्ष रूप से महसूस किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *