मुंबई, । दृष्टिबाधित लोगों तक समाचार और सूचनाएं पहुंचाने के उद्देश्य से रिलायंस फाउंडेशन के ‘दृष्टि’ कार्यक्रम के तहत प्रकाशित हिंदी और मराठी ब्रेल समाचार पत्र अब पाक्षिक के बजाय साप्ताहिक प्रकाशित किए जाएंगे। इससे दृष्टिबाधित पाठकों को देश-दुनिया की खबरें, समसामयिक घटनाएं और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अधिक नियमित रूप से मिल सकेंगी।
राष्ट्रीय दृष्टिबाधित संघ (एनएबी) के सहयोग से प्रकाशित इन समाचार पत्रों के पाठकों की संख्या 30 हजार से अधिक है। वर्ष 2003 में शुरू हुए दृष्टि कार्यक्रम के माध्यम से अब तक दो लाख से अधिक लोगों तक विभिन्न सेवाएं पहुंचाई गई हैं। इसके तहत नेत्र जांच, चश्मे उपलब्ध कराने और कॉर्निया प्रत्यारोपण जैसी सुविधाओं के माध्यम से दृष्टि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया जा रहा है। जनवरी 2026 में रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीता एम. अंबानी ने एनएबी इंडिया के 75वें स्थापना दिवस पर पांच करोड़ रुपये की सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई थी। साप्ताहिक प्रकाशन से दृष्टिबाधित लोगों तक सुलभ सूचना की पहुंच और मजबूत होने की उम्मीद है।
