अहरौरा, मिर्जापुर। एस जी एफ आई नेशनल गेम्स 2026 में क्षेत्र के धुरिया गांव के होनहार धावक विनय कुमार ने 3000 मीटर दौड़ में रजत तथा 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर वापस लौटने के बाद गुरुवार शाम को उनके खेल ग्राउंड पर भव्य स्वागत किया गया और क्षेत्रीय विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने विनय और उनकी माता पिता को सम्मानित किया।इसके पूर्व नगर में भव्य रोड शो निकाला गया। जिस ग्राउंड पर विनय प्रतिदिन सुबह शाम अभ्यास करता था उसी बनस्थली महाविद्यालय के खेल मैदान पर विनय का भव्य स्वागत काफी रोमांच से भरा हुआ था।
विनय के सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पधारे पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने रोड शो कर विनय कुमार का स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही नेशनल खिलाड़ी विनय के माता-पिता बसंती देवी एवं सुभाष चंद्र को भी सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है विनय की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर विनय के खेल प्रशिक्षक अवधेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
