कॉलेज के बंद कमरे में हुई दर्दनाक घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी
आलापुर, अम्बेडकर नगर। जनपद के टांडा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज परिसर स्थित एक बंद कमरे में भूगोल के अध्यापक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के इलाके तक सनसनी फैल गई। शिक्षक की अचानक हुई मौत से हर कोई स्तब्ध रह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करीब 11:15 बजे पीआरवी-5330 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत चौधरी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर जांच-पड़ताल के दौरान मृतक की पहचान सुशील मौर्य पुत्र चंद्रभान मौर्य, उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी ग्राम तेतरिया, थाना जहांगीरगंज जनपद अम्बेडकर नगर के रूप में हुई।सुशील मौर्य मां तिलेसरा देवी पीजी कॉलेज में भूगोल विषय के अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। कॉलेज परिसर स्थित अपने कमरे में उनका शव कपड़े के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। सूचना मिलने पर टांडा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी तथा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
