सोनभद्र। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर, सोनभद्र से जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर बरौली चैराहे तक गई। इसके माध्यम से जनपदवासियों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा इसमें सक्रिय सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर श्री गौड़ ने कहा कि जनगणना किसी भी राष्ट्र की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन करने का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्धारण, विकास योजनाओं के निर्माण तथा संसाधनों के कुशल नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना की प्रक्रिया में शुद्धता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने जनपद वासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाकर जनगणना के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करें।जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया दिनांक 01 दिसंबर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक निर्धारित की गई है। इससे पूर्व दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से जनपदवासी निर्धारित पोर्टल पर स्वयं से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी गणना स्वयं कर सकेंगे। इसके उपरांत दिनांक 05 जनवरी से 09 जनवरी, 2027 तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील की कि जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनपद में जनगणना कार्य को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग दें।इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी व सीडीओ ने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
